MBD WEB NEWS

खैबर पख्तूनख्वा में IED ब्लास्ट, SHO समेत 6 पुलिसकर्मियों की मौत; बख्तरबंद गाड़ी के उड़े परखच्चे

 खैबर पख्तूनख्वा में IED ब्लास्ट, SHO समेत 6 पुलिसकर्मियों की मौत; बख्तरबंद गाड़ी के उड़े परखच्चे

पेशावर : पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस बल को निशाना बनाकर एक बड़ा हमला किया है। प्रांत के टैंक जिले में हुए एक भीषण आईईडी (IED) विस्फोट में गोमल पुलिस स्टेशन के एसएचओ (SHO) समेत छह पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई है। धमाका इतना जबरदस्त था कि पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी पूरी तरह से तबाह हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

कोट वली इलाके के पास हुआ धमाका

पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट टैंक जिले के कोट वली इलाके से करीब 25 किलोमीटर दूर हुआ। आतंकी सड़क किनारे आईईडी लगाकर पुलिस की गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही गोमल पुलिस स्टेशन की गाड़ी वहां से गुजरी, जोरदार धमाका हुआ। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक एसएचओ और उनके साथी पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके थे। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश जारी है।

आतंकियों की बौखलाहट और ‘ऑपरेशन सरबकाफ’

अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि यह हमला ‘ऑपरेशन सरबकाफ’ के जवाब में किया गया है। दरअसल, पाकिस्तान सरकार और सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में बढ़ती आतंकी गतिविधियों को कुचलने के लिए पिछले साल ऑपरेशन सरबकाफ शुरू किया था। इस अभियान का उद्देश्य आतंकी ठिकानों को खत्म करना, उनके नेटवर्क को तोड़ना और सीमावर्ती इलाकों में छिपे समूहों का सफाया करना है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले एक महीने में सेना और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में कई हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे, जिससे आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं।