MBD WEB NEWS

केंद्र सरकार और धरने पर बैठे किसानों के बीच छठे दौर की बैठक रही बेनतीजा, अब अगली बैठक 19 मार्च को

केंद्र सरकार और धरने पर बैठे किसानों के बीच छठे दौर की बैठक रही बेनतीजा, अब अगली बैठक 19 मार्च को

 

चंडीगढ़  : एमएसपी समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के प्रतिनिधिमंडल और केंद्र सरकार के बीच शनिवार को चंडीगढ़ में हुई छठे दौर की बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक में कोई समाधान नहीं निकला। अब अगली बैठक 19 मार्च को होगी।

बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक अच्छे माहौल में हुई। कुछ आंकड़े मांगे गए हैं। किसानों के पास अपने आंकड़े हैं और केंद्र सरकार के पास अपना डेटा है। दोनों आंकड़ों को मिलाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से अनशन खत्म करने की अपील की। डल्लेवाल ने उनसे कहा कि जब तक सभी फसलों पर एमएसपी की गारंटी नहीं मिलती अनशन खत्म नहीं होगा। डल्लेवाल खनौरी बॉर्डर से एंबुलेंस में पहुंचे थे।

पंजाब सरकार की तरफ से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां, वित्त मंत्री हरपाल चीमा और लाल चंद कटारूचक्क मौजूद थे। किसानों की तरफ से संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के प्रमुख जगजीत सिंह डल्लेवाल व किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंधेर की अगुआई में 28 किसान नेता शामिल हुए। शिवराज सिंह चौहान मीटिंग में आते ही जगजीत सिंह डल्लेवाल के पास पहुंचे। उन्होंने झुककर कुर्सी पर बैठे डल्लेवाल से उनकी सेहत के बारे में पूछा।