MBD WEB NEWS

कनाडा के साथ यूरेनियम डील पर पाकिस्तान पीटने लगा माथा, भारत ने दिया करारा जवाब; कहा- पूरी दुनिया को पता है…

कनाडा के साथ यूरेनियम डील पर पाकिस्तान पीटने लगा माथा, भारत ने दिया करारा जवाब; कहा- पूरी दुनिया को पता है…

 

नई दिल्ली : भारत ने पाकिस्तान द्वारा भारत–कनाडा यूरेनियम आपूर्ति समझौते को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि परमाणु अप्रसार के मामले में भारत की साख बेदाग है और पाकिस्तान अपने खराब रिकॉर्ड से ध्यान भटकाने के लिए हास्यास्पद बयान दे रहा है। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के उन आरोपों का भी खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि भारत अफगानिस्तान को पाकिस्तान के खिलाफ भड़का रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “पाकिस्तान द्वारा दिया गया यह बयान पूरी तरह हास्यास्पद है। परमाणु अप्रसार के संबंध में भारत की साख वैश्विक समुदाय के लिए स्पष्ट है। जबकि गुप्त परमाणु प्रसार के इतिहास वाला कोई देश ऐसे बयान कैसे दे सकता है, यह अपने खराब रिकॉर्ड से ध्यान भटकाने की कोशिश मात्र है।”

गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में कनाडा के साथ 2.6 अरब डॉलर का दीर्घकालिक यूरेनियम आपूर्ति समझौता किया है। इसके तहत 2027-2035 तक कैमेको कंपनी भारत को दो करोड़ बीस लाख पाउंड यूरेनियम की आपूर्ति करेगी। यह सौदा भारत के नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। पाकिस्तान ने इस समझौते को क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए आपत्ति जताई थी।

इसके अलावा, प्रवक्ता ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल के सैन्य टकरावों को लेकर भारत पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा, “अपनी नापाक हरकतों के लिए भारत को दोष देना पाकिस्तान की आदत बन गई है। दशकों से आतंकवाद को बढ़ावा देने के कारण सीमा पार आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान की कोई विश्वसनीयता नहीं है। किसी भी तरह की कहानी गढ़ने से यह सच्चाई नहीं बदलेगी और ना ही पाकिस्तान की कथित पीड़ित होने की छवि से कोई भ्रमित होगा।”