MBD WEB NEWS

कई राज्यों में बदला माैसम, मानसून का इंतजार, मिलेगी गर्मी से बड़ी राहत..

 कई राज्यों में बदला माैसम, मानसून का इंतजार, मिलेगी गर्मी से बड़ी राहत..

जालंधर – देश के अलग-अलग राज्यों में इस समय माैसम करवट ले रहा है। कई राज्यों में प्री मानसून सक्रिय हो चुका है और कई स्थानों पर इसकी सक्रियता पर सबकी नजर है। मध्य प्रदेश में मानसून 24 से 48 घंटे में एंट्री कर सकता है। इससे पहले प्री मानसून एक्टिव होने से पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में आज से लेकर 21 जून के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की-मध्यम वर्षा के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की गति वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।

 

पंजाब समेत उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बादल गरजने, वज्रपात को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भी कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र दौर होने और तेज हवा चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चारधाम व यात्रा मार्ग पर भी बादल छाये रहने से लेकर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। दिल्ली की बात करें तो रविवार की रात दो से सुबह पांच बजे तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि, तेज घन गर्जन और आंधी की घटनाएं हुईं। इससे मौसम काफी ठंडा हो गया।