एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वालों की VIDEO आई सामने, जानें किस गैंग ने ली जिम्मेदारी और दी चेतावनी
गुरुग्राम- मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। गैंग के दो बदमाशों नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रिटोलिया का सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें साफ लिखा है कि एल्विश यादव के घर पर जो गोली चली, वह उन्होंने चलवाई है। फायरिंग का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
ये फायरिंग एल्विश यादव के गुरुग्राम वाले घर पर की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी जांच शुरू कर दी है। इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में बाइक सवार बदमाश एल्विश यादव के घर के पास आते और फायरिंग करते दिख रहे हैं। पुलिस फिलहाल इस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
भाऊ गैंग ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
वायरल पोस्ट में लिखा गया है, “हां भाई राम राम सारे भाईया ने… आज जो एल्विश यादव के घर गोली चली है वो हमने नीरज फरीदपुर और भाऊ रितोलिया ने चलवाई है। आज हमने इसको अपना परिचय दिया है।” एल्विश ने बेटिंग ऐप का प्रमोशन करके बहुत से घर बर्बाद किए हैं। इसलिए उन्होंने उनके घर पर फायरिंग की है। पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा,”वार्निंग देता हूं। जो भी सट्टे का प्रमोशन करता मिलेगा, उसके पास कॉल या गोली कभी भी आ सकती है। जो भी सट्टेबाज हैं, तैयार रहो।” हालांकि पुलिस का कहना है कि इस पोस्ट की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच एजेंसियां इस पोस्ट की सच्चाई जानने और इसे पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।









