MBD WEB NEWS

ईरान पर इजरायल ने किया बड़ा प्रहार, तेहरान में राष्ट्रपति दफ्तर जमींदोज; टॉप लीडरशिप के खात्मे का दावा

ईरान पर इजरायल ने किया बड़ा प्रहार, तेहरान में राष्ट्रपति दफ्तर जमींदोज; टॉप लीडरशिप के खात्मे का दावा

 

नई दिल्ली : मध्य पूर्व में जारी महायुद्ध अब अपने सबसे विनाशकारी मोड़ पर पहुंच गया है। इजरायल ने ईरान के दिल यानी राजधानी तेहरान में एक बेहद बड़ा और अचूक हमला किया है। इजरायली सेना ने सीधे ईरान के राष्ट्रपति दफ्तर और उनके सबसे अहम लीडरशिप कंपाउंड को अपना निशाना बनाया है। इजरायल का दावा है कि उसने ईरानी शासन के इस सेंट्रल हेडक्वार्टर को पूरी तरह से तबाह कर दिया है, जिससे पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है।

सटीक खुफिया जानकारी से रात के अंधेरे में किया वार

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने इस विनाशकारी हमले की पुष्टि करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है। आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी है कि सोमवार रात इजरायली वायुसेना (IAF) ने पक्की और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की। वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने तेहरान के बिल्कुल बीचों-बीच स्थित ईरानी शासन के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले लीडरशिप कंपाउंड पर रातों-रात बमबारी कर उसे मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया।

सुरक्षित किले में छिपे सीनियर लीडर्स के खात्मे का ऐलान

इजरायली सेना ने अपने इस हमले को बेहद कामयाब बताते हुए कहा है कि यह कमांड हेडक्वार्टर ईरान की सबसे ज्यादा सुरक्षित जगहों में से एक था और इसी अभेद्य किले में ईरानी शासन का सबसे सीनियर फोरम मौजूद था। आईडीएफ ने ईरान को हुए भारी नुकसान की जानकारी देते हुए स्पष्ट लिखा है कि इस शासन के पीछे जो भी टॉप लीडर्स थे और जिस हेडक्वार्टर में वे बैठकर योजनाएं बना रहे थे, उन्हें पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। सेना का दावा है कि इस अचूक प्रहार में ईरानी प्रशासन के कई बड़े और अहम लोग मारे गए हैं।