ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ‘ओफोग’ पर LIVE TV पर बेकाबू हुआ न्यूज एंकर, स्टूडियो में AK-47 से कर दी दनादन फायरिंग..
तेहरान : मिडिल ईस्ट में सुलग रही युद्ध की आग के बीच ईरान से एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी है। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ‘ओफोग’ पर एक लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान न्यूज प्रेजेंटर ने सरेआम एक एके-47 असॉल्ट राइफल से फायरिंग कर दी। हद तो तब हो गई जब इस एंकर ने स्टूडियो में लगे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रीय ध्वज पर सीधा निशाना साधते हुए गोली दाग दी। इस दुस्साहसिक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिससे खाड़ी देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव के और ज्यादा भड़कने की आशंका पैदा हो गई है।
नकाबपोश कमांडर दे रहा था हथियारों की ट्रेनिंग
यह चौंकाने वाली घटना चैनल के एक लाइव हथियारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान घटी। इस शो में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक नकाबपोश कमांडर को बतौर खास मेहमान स्टूडियो में बुलाया गया था। वह कमांडर ऑन-एयर दर्शकों को असॉल्ट राइफल लोड करने और उसे चलाने का लाइव डेमो दे रहा था। इसी दौरान उसने ईरानी अवाम को सरकार समर्थक रैलियों में जाने और हथियारों की ट्रेनिंग लेने के लिए भड़काया। इसी बीच शो के होस्ट ने कमांडर से राइफल अपने हाथ में ले ली और पहले स्टूडियो की छत पर एक हवाई फायर किया। इसके तुरंत बाद उसने सीधे यूएई के झंडे पर गोली चला दी।
महिला एंकर भी उठा रहीं बंदूक, युद्ध भड़काने की साजिश
यह भड़काऊ प्रसारण ऐसे नाजुक वक्त में हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच सैन्य टकराव चरम पर है। इसी के चलते ईरानी सरकारी मीडिया ने युद्ध भड़काने वाले प्रोपेगैंडा कार्यक्रमों को काफी तेज कर दिया है। हालात ये हैं कि ईरान के कई सरकारी चैनलों पर अब न्यूज एंकर हाथों में खतरनाक असॉल्ट राइफलें लेकर बुलेटिन पढ़ रहे हैं। एक अन्य सरकारी चैनल पर तो जानी-मानी न्यूज एंकर मोबिना नसिरी भी हाथ में असॉल्ट राइफल लेकर लाइव आईं और ऐलान किया कि वे देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने को पूरी तरह तैयार हैं। ईरानी अधिकारी अपने समर्थकों को हर रात सड़कों पर उतरने के लिए लगातार उकसा रहे हैं।
कूटनीति फेल तो सीधा महायुद्ध… ईरान की खुली चेतावनी
ईरानी टेलीविजन पर इस तरह का उग्र और आक्रामक सैन्य प्रोपेगैंडा कोई इत्तेफाक नहीं है। यह सब ऐसे समय में खुलेआम दिखाया जा रहा है, जब ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के साथ बातचीत टूटने की स्थिति में सीधे महायुद्ध की चेतावनी दे दी है। हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ शब्दों में दुनिया को आगाह किया था कि अगर कूटनीतिक रास्ते विफल रहते हैं, तो तेहरान एक बार फिर से सीधे सैन्य संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है। लाइव टीवी पर हुई इस फायरिंग की घटना को उसी सैन्य तैयारी और आक्रामकता के सीधे प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।










