MBD WEB NEWS

आषाढ़ी गुरु पूर्णिमा का पर्व पर भक्त ने साईं बाबा को भेंट किया 1 करोड़ का सोने का मुकुट, देखकर हर कोई रह गया दंग

आषाढ़ी गुरु पूर्णिमा का पर्व पर भक्त ने साईं बाबा को भेंट किया 1 करोड़ का सोने का मुकुट, देखकर हर कोई रह गया दंग

 

शिरडी : देशभर में आज आषाढ़ी गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। यह पवित्र दिन जीवन को दिशा देने वाले गुरुओं की वंदना और पूजा-अर्चना को समर्पित है। इस खास मौके पर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शिरडी साईं बाबा मंदिर में भक्ति और आस्था का एक अनूठा नजारा देखने को मिला, जब एक श्रद्धालु ने बाबा के चरणों में एक ऐसा अमूल्य उपहार समर्पित किया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया।

बाबा के मुकुट से पर्दा हटते ही खिले भक्तों के चेहरे

गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर जैसे ही बाबा के इस चमकदार तोहफे से पर्पल रंग का पर्दा हटाया गया, तो मंदिर प्रांगण में मौजूद श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और आश्चर्य देखते ही बन रहा था। गुरु-दक्षिणा के रूप में बाबा को यह अनोखी भेंट समर्पित की गई है, जो इस उत्सव के पहले ही दिन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

642 ग्राम वजनी और अमेरिकन डायमंड्स से सजा है मुकुट

साईं बाबा को यह भव्य मुकुट आंध्र प्रदेश के वेल्लोर के रहने वाले भक्त श्रीनिवास राव ने भेंट किया है। इस खूबसूरत और चमकते सोने के मुकुट का कुल वजन 642 ग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.03 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुकुट की सबसे बड़ी खासियत इस पर की गई नवग्रहों की बारीक नक्काशी है। साथ ही, इसे बेशकीमती रत्नों और अमेरिकन डायमंड्स से बेहद खूबसूरती के साथ सजाया गया है।

उत्सव के मुख्य दिन बाबा के शीश पर सजेगा मुकुट

श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट और मंदिर प्रशासन के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा उत्सव के मुख्य दिन साईं बाबा की पावन प्रतिमा का श्रृंगार इसी भव्य सोने के मुकुट से किया जाएगा। गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी भक्त ने बाबा के दरबार में इतनी कीमती भेंट चढ़ाई हो; पहले भी श्रद्धालु लाखों-करोड़ों के आभूषण और दान अर्पित करते रहे हैं। हालांकि, गुरु पूर्णिमा के खास मौके पर समर्पित किया गया यह मुकुट महज सोने का एक आभूषण नहीं, बल्कि एक भक्त की अपने गुरु और ईश्वर के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।