नई दिल्ली : भारत को एक बार फिर दहलाने के लिए सरहद पार से नापाक साजिशें रची जा रही हैं। देश की राजधानी समेत कई प्रमुख धार्मिक नगरियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बेहद गंभीर अलर्ट जारी किया है। खुफिया विभागों को मिले पुख्ता इनपुट्स इशारा कर रहे हैं कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) खून-खराबे की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस बार आतंकियों के सीधे निशाने पर देश की ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ हिंदुओं के प्रमुख आस्था केंद्र हैं, ताकि देश का माहौल बिगाड़ा जा सके।
ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों पर मंडरा रहा खतरा
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस आतंकी संगठन का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों और पवित्र धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर देश के सांप्रदायिक सौहार्द को गहरी चोट पहुंचाना है। आतंकवादी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के आसपास के क्षेत्रों और घनी आबादी वाले चांदनी चौक इलाके में मौजूद मंदिरों को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। राजधानी के अलावा उत्तर प्रदेश के अयोध्या, वाराणसी और मथुरा जैसे शहरों के प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिर भी आतंकियों के हिट लिस्ट में शामिल बताए जा रहे हैं, जिसके बाद इन सभी जगहों की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है।
इस्लामाबाद ब्लास्ट का बदला लेने की साजिश
अलर्ट में इस बात का भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि भारत में दहशत फैलाने की यह साजिश असल में बदले की आग का नतीजा है। बताया जा रहा है कि बीते 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए जोरदार धमाके के बाद से ही लश्कर के ऑपरेटिव पूरी तरह से बौखलाए हुए हैं। इसी घटना का बदला लेने के लिए वे भारत के किसी बड़े और संवेदनशील हिस्से में बड़ा आतंकवादी हमला करने की योजना बना रहे हैं, ताकि आम जनता के बीच खौफ का माहौल पैदा किया जा सके।