आतंकी पन्नू ने किया दावा- अमृतसर में खालिस्तानी नारे लिखे, दिवाली पर “अयोध्या से हरिद्वार तक ब्लैकआउट” की दी धमकी, ये तीन बड़े नेता निशाने पर..
अमृतसर : खालिस्तान समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने अमृतसर में विवादित गतिविधियों का दावा किया है। संगठन के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि उन्होंने अमृतसर जिला कोर्ट परिसर की दीवारों पर खालिस्तान के नारे लिखवाए और गांधी परिवार के खिलाफ स्प्रे-पेंट से नारे भी लगाए।
पन्नू ने वीडियो में दावा किया कि “1984 के कातिलों को पनाह देने वाले राहुल गांधी, राजा वड़िंग और सांसद गुरजीत सिंह औजला हमारे निशाने पर हैं।” इसके अलावा, संगठन ने अमृतसर रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लिखे।
पन्नू ने आगे कहा कि वे आने वाली दिवाली पर “अयोध्या से हरिद्वार तक ब्लैकआउट” करेंगे और 26 लाख दीयों से होने वाले कार्यक्रम को अंधेरे में बदल देंगे। उनका कहना है कि उनका निशाना दिवाली और अयोध्या पर है, जिन्हें वे “हिंदुत्व आतंकवाद” का प्रतीक मानते हैं।
संगठन ने पंजाब के नेताओं अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और गुरजीत सिंह औजला को भी निशाने पर लिया है। SFJ का आरोप है कि इन नेताओं ने गांधी परिवार को सिरोपा देकर 1984 के सिख नरसंहार में प्रभावित परिवारों को सम्मान दिया।
इस घटना के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अमृतसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। SFJ की इन गतिविधियों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।









