अहमदाबाद विमान हादसा: 260 मौतों का सच 6 हफ्ते में आएगा सामने, AAIB ने SC में किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली : पिछले साल गुजरात के अहमदाबाद में हुए उस दिल दहला देने वाले एयर इंडिया विमान हादसे के पीड़ितों के परिवारों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। 260 बेगुनाह लोगों की जान लेने वाले इस खौफनाक हादसे की असल वजह क्या थी और उस दिन कॉकपिट में क्या हुआ था, इसका पूरा सच अगले छह हफ्तों में दुनिया के सामने आ जाएगा। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में एक विस्तृत हलफनामा दायर कर जांच की ताजा स्थिति और कई अहम बातों का बड़ा खुलासा किया है।
अक्टूबर 2026 तक तैयार होगी फाइनल ड्राफ्ट रिपोर्ट
AAIB ने शीर्ष अदालत को बताया है कि इस हादसे की गंभीरता, इसके बड़े पैमाने और भारी तकनीकी पेचीदगियों के कारण जांच में समय लगा है। हलफनामे के मुताबिक, अगर अन्य सभी संबंधित एजेंसियों की प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो जांच अगले लगभग 6 हफ्तों में पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद तमाम तकनीकी साक्ष्यों, सबूतों और तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण कर अक्टूबर 2026 तक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। ब्यूरो का कहना है कि जांच के लिए तय किए गए सभी चरणों का एकदम सही तरीके से पालन किया जा रहा है।
कॉकपिट का ऑडियो सार्वजनिक करने पर सख्त पाबंदी
सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में ब्यूरो ने एक और बड़ी जानकारी साझा की है। AAIB ने स्पष्ट किया है कि विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की ऑडियो रिकॉर्डिंग या विमान के भीतर की अन्य तस्वीरों को किसी भी हाल में सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। भारतीय कानून के तहत ऐसा करने पर पूरी तरह से पाबंदी है। ब्यूरो ने अदालत को बताया कि यह नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि गवाह बिना किसी दबाव या डर के सच बता सकें, जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र रूप से काम कर सकें और जांच पर कोई बाहरी प्रभाव न पड़े। इसके साथ ही, भारत को अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का भी पालन करना होता है।
टेकऑफ के चंद सेकंड बाद ही बंद हो गए थे स्विच
गौरतलब है कि जून 2025 में एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन आसमान की तरफ उठने के कुछ ही सेकंड बाद ही विमान के इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए और विमान क्रैश होकर एयरपोर्ट के पास ही एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से जा टकराया। इस खौफनाक हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 यात्रियों और क्रू सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके अलावा, मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में मौजूद 19 लोगों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी थी। अब सबकी नजरें AAIB की इस फाइनल रिपोर्ट पर टिकी हैं।









