MBD WEB NEWS

अमेरिका के सुपरमार्केट में घुसे नकाबपोश ने 10 साल से काम कर रही भारतीय महिला को गोलियों से भूना

 

अमेरिका के सुपरमार्केट में घुसे नकाबपोश ने 10 साल से काम कर रही भारतीय महिला को गोलियों से भूना

 

 

वर्जीनिया : अमेरिका के वर्जीनिया से एक बेहद दर्दनाक और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सुपरमार्केट में लूटपाट के इरादे से घुसे एक हथियारबंद बदमाश ने गुजरात की रहने वाली 45 वर्षीय मेघनाबेन पटेल की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों समेत पूरे गुजरात को झकझोर कर रख दिया है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हत्या का खौफनाक मंजर

इस पूरी वारदात का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एनिमल प्रिंट वाला ट्रैक सूट और ग्रे जैकेट पहने एक नकाबपोश शख्स लगभग खाली सुपरमार्केट में दाखिल होता है। वह सीधे काउंटर के पास जाता है और महिला से कुछ बातचीत करता है। चंद सेकंड बाद ही वह अचानक अपनी जेब से बंदूक निकालता है और महिला पर फायरिंग कर देता है। गोली लगते ही महिला नीचे गिर जाती है, लेकिन हमलावर की हैवानियत यहीं खत्म नहीं होती। वह काउंटर फांदकर उस पार जाता है और नीचे गिरी महिला पर ताबड़तोड़ कई और गोलियां बरसा देता है। इसके बाद वह कुछ सामान गिराते हुए उसी रास्ते से तुरंत भाग निकलता है।

10 साल से सुपरमार्केट में कर रही थीं काम, परिवार में पसरा मातम

जानकारी के मुताबिक, मेघनाबेन पटेल पिछले 10 सालों से इसी सुपरमार्केट में लगन के साथ काम कर रही थीं। मूल रूप से वह गुजरात में महेसाणा के विसापुर इलाके के जंत्राल गांव की रहने वाली थीं। अमेरिका में हुए इस क्रूर हमले के बाद उनके पति उपेंद्रभाई पटेल, बेटी नक्षीबेन और बेटे स्मिथ का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं। वहीं, जंत्राल गांव में रहने वाले उनके वृद्ध पिता करसनभाई पटेल और मां कपिलाबेन अपनी जवान बेटी की मौत की खबर सुनकर पूरी तरह टूट गए हैं।

कातिल की तलाश में जुटी पुलिस की स्पेशल टीमें

फायरिंग की इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि यह वारदात लूटपाट के इरादे से की गई है। फरार और अज्ञात हमलावर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई स्पेशल टीमें तैनात की गई हैं, जो इलाके के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही हैं।