MBD WEB NEWS

अमृतसर में ASI पर गोली चलाने वाला कुख्यात शूटर को पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर, दोनों तरफ से चलीं 14 गोलियां; कस्टडी से हुआ था फरार

अमृतसर में ASI पर गोली चलाने वाला कुख्यात शूटर को पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर, दोनों तरफ से चलीं 14 गोलियां; कस्टडी से हुआ था फरार

 

अमृतसर : अमृतसर में पुलिस पर हमला करने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। कुछ दिन पहले एएसआई पर जानलेवा हमला कर गोली चलाने और फिर पुलिस हिरासत से फरार होने वाले कुख्यात शूटर करणबीर सिंह को शनिवार को पुलिस ने एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया। अमृतसर देहात के कंडोवालिया इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 14 राउंड अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में एक पुलिस जवान भी घायल हुआ है, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए आरोपी करणबीर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कंडोवालिया में घेराबंदी, पुलिस टीम पर खोल दी अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस के अनुसार, हिरासत से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। सटीक इनपुट के आधार पर जब पुलिस टीम ने अमृतसर देहात के कंडोवालिया क्षेत्र में आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया, तो उसने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पार्टी पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और सटीक फायरिंग की, जिसमें आरोपी करणबीर बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ASI को गोली मारकर चकमा देकर भागा था आरोपी
गौरतलब है कि आरोपी करणबीर सिंह ने एएसआई जसवंत सिंह पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई थी। उस हमले में एएसआई बाल-बाल बच गए थे और गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद अदम्य साहस दिखाते हुए खुद बाइक चलाकर थाने पहुंचे थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया था। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बुधवार रात जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए उसे मजीठा इलाके में ले गई थी, तो वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया था।

पूरे इलाके में नाकाबंदी, भारी पुलिस बल तैनात
आरोपी के कस्टडी से भागने के तुरंत बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी करते हुए जगह-जगह नाकाबंदी की गई थी। एनकाउंटर की इस बड़ी वारदात के बाद कंडोवालिया और आसपास के तमाम इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और पूरे क्षेत्र को सील कर गहन फॉरेंसिक व तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।