MBD WEB NEWS

अमृतसर ठाकुर द्वार मंदिर में ग्रनेड से ब्लास्ट करने वाले तीन आरोपी बिहार से गिरफ्तार; नेपाल भागने की फिराक में थे शातिर..

अमृतसर ठाकुर द्वार मंदिर में ग्रनेड से ब्लास्ट करने वाले तीन आरोपी बिहार से गिरफ्तार; नेपाल भागने की फिराक में थे शातिर..

 

अमृतसर- अमृतसर के खंडवाला क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में ग्रेनेड से हमला करने के मामले में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े तीन प्रमुख गुर्गों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को कहा कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर की गयी कार्रवाई के तहत बिहार के मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों ने हाल ही में एक ऑपरेशन में बरामद ग्रेनेड और हथियारों की आपूर्ति की थी। गिरफ्तार किए गए लोग अमृतसर के खंडवाला और छेहरट्टा इलाकों में रहते हैं और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए वापस लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए अथक प्रयास कर रही है। तीनो युवकों को बिहार से उस समय गिरफ्तार किया गया जब युवक नेपाल भागने की फिराक में थे। युवकों ने हथियार और ग्रेनेड अमृतसार पहुंचाए थे। पंजाब पुलिस अब इन तीनों युवकों को लेकर अमृतसर पहुंच रही है।

वहीं, अमृतसर की मंदिर पर हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर दो युवक ठाकुर द्वार मंदिर परिसर पर ग्रेनेड हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हमले में मंदिर के बाहर जोरदार विस्फोट होते हुए भी नजर आ रहा है। ग्रेनेड हमले में मंदिर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई और खिड़कियों के शीशे टूट गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंदिर पहुंचे थे। कुछ सेकंड रुकने के बाद, उनमें से एक ने मंदिर की ओर कुछ विस्फोटक सामग्री फेंकी और मौके से भाग गया। जैसे ही वे भागे, मंदिर में एक बड़ा धमाका हुआ।