MBD WEB NEWS

अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को इन शर्तों पर मिली रिहाई, 7000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में

अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को इन शर्तों पर मिली रिहाई, 7000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में

 

नई दिल्ली- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीन नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को रिहा कर दिया गया। तीनों को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। रविवार को कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी के बाद उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने की शर्त पर रिहा किया गया।

वकील रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर तीनों नेताओं की रिहाई की जानकारी दी। सीजेपी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुशी जताते हुए लिखा कि आखिरकार दिल्ली पुलिस को अपने नेताओं को रिहा करना पड़ा।

विमान से ही हिरासत में लिए गए थे नेता

अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास शनिवार को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले थे। हालांकि, प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने उन्हें विमान में हिरासत में ले लिया था।

ध्रुव राठी भी रिहा

सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने भारत आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था। उन्हें भी रविवार को रिहा कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर दोबारा जंतर-मंतर जाने की कोशिश करने पर उन्हें फिर हिरासत में लिया जा सकता है।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। खबर के मुताबिक, 30,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए तथा 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। इस दौरान 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया।