विद्या धाम जालंधर में विद्या भारती पंजाब की प्रांत साधारण सभा भव्य आयोजन के साथ हुई संपन्न: डिजिटल पोर्टल और वार्षिक प्रतिवेदन का हुआ लोकार्पण
MBD NEWS : जालंधर (सुमेश शर्मा) 16 जुलाई: स्थानीय विद्या धाम प्रांत कार्यालय में आज विद्या भारती पंजाब (सर्वहितकारी शिक्षा समिति) की प्रांत साधारण सभा का गरिमामयी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सभा में संगठन के आगामी लक्ष्यों, वित्तीय बजट और सामाजिक अभियानों पर विस्तृत चर्चा की गई, साथ ही विद्या भारती को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कई डिजिटल माध्यमों की शुरुआत भी हुई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक नरेंद्र कुमार, विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संरक्षक सुरेंद्र अत्री, सह संगठन मंत्री बालकिशन, प्रांत अध्यक्ष (से.नि.) मेजर जनरल सुरेश खजुरिया, प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र कुमार, प्रांत महामंत्री संदीप धूड़िया, उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप शेखर, डॉ. रेखा कालिया भारद्वाज और वित्त सचिव विजय ठाकुर सहित विभिन्न विद्या मंदिरों के प्रधान, प्रबंधक और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

प्रमुख वक्ताओं के विचार और संकल्प
नरेंद्र कुमार (प्रांत प्रचारक): “विद्या भारती के लक्ष्य को मिलकर पूर्ण करना हम सबका दायित्व है। हर कार्यकर्ता को कथा और श्लोकों के प्रेरक संदेशों को आत्मसात कर आदर्श विद्यालय और सशक्त समाज के निर्माण में जुटना होगा।”

मेजर जनरल सुरेश खजुरिया (प्रांत अध्यक्ष): “हम सबको मिलकर सर्वहितकारी शिक्षा समिति को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है और संगठन के प्रगतिशील कार्यों को समय पर पूर्ण करना है।”
संदीप धूड़िया (प्रांत महामंत्री): “समाज में अनंत शक्ति है, आवश्यकता केवल इस बात की है कि हम विद्या भारती का विचार लेकर समाज के बीच जाएं।” बालकिशन (सह संगठन मंत्री, उत्तर क्षेत्र): “पीछे चल रहे समाज को साथ लेकर चलना और मिलकर आगे बढ़ना ही हमारा मुख्य ध्येय है।”सभा के दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा विद्या भारती पंजाब का वार्षिक प्रतिवेदन, आधिकारिक वेबसाइट तथा ‘सर्वहित सरल’ पोर्टल का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस संबंध में प्रांत संगठन मंत्री श्री राजेंद्र कुमार ने बताया कि आधुनिक तकनीक के समावेश से संगठनात्मक एवं प्रशासनिक कार्यों में अधिक सरलता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता आएगी।
आगामी कार्ययोजना और बजट पारित उत्तर क्षेत्र के सह संगठन मंत्री बालकिशन और प्रांत महामंत्री संदीप धूड़िया ने आगामी प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। इनमें श्री गुरु रविदास जी जयंती, वंदे मातरम् के 150 वर्ष, पाँच परिवर्तन अभियान तथा विद्या भारती के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम शामिल हैं।
इसके साथ ही, वित्त सचिव विजय ठाकुर द्वारा प्रस्तुत सत्र 2025–26 के आय-व्यय विवरण और सत्र 2026–27 के प्रस्तावित बजट को सभा ने सर्वसम्मति से ‘ॐ’ ध्वनि के साथ पारित किया। उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप शेखर ने समाज और न्यास से मिले सहयोग का विवरण साझा किया।
श्रद्धांजलि और समापन कार्यक्रम का संचालन डॉ. गगनदीप पराशर एवं अमित डोगरा ने किया। वंदना के बाद श्री अश्विंदर गोयल ने अतिथियों का परिचय कराया। प्रांत महामंत्री संदीप धूड़िया ने दिवंगत कार्यकर्ताओं व उनके परिजनों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखवाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में प्रांत अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ सभा का समापन हुआ।









