MBD WEB NEWS

लोकायुक्त के छापे में सरकारी अधिकारियों से सोने-चांदी समेत भारी मात्रा अवैध संपत्ति बरामद

 लोकायुक्त के छापे में सरकारी अधिकारियों से सोने-चांदी समेत भारी मात्रा अवैध संपत्ति बरामद

बेंगलुरु : कर्नाटक में लोकायुक्त के अधिकारियों ने मंगलवार को आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में 8 सरकारी अधिकारियों से जुड़े कई स्थानों पर एक साथ छापे मारे। इन छापों के दौरान अधिकारियों के घरों, कार्यालयों और अन्य संपत्तियों से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति बरामद की जा रही है।

लोकायुक्त के अधिकारियों ने जिन भ्रष्ट अधिकारियों के ठिकानों पर कार्रवाई की है, उनमें बेंगलुरु के गोविंदराजनगर में बीबीएमपी के प्रकाश एई, शिमोगा में जैविक खेती के एसोसिएट रिसर्च डायरेक्टर डॉ. एस प्रदीप, चिक्कमगलुरु के योउन नगर पालिका की लेखा अधिकारी लता मणि, आनेकल नगर पालिका के मुख्य अधिकारी केजी अमरनाथ, गडग के टाउन पुलिस इंस्पेक्टर ध्रुवराज, धारवाड़ में मलाप्रभा परियोजना के इंजीनियर अशोक वलसांड, कलबुर्गी में आरडीपीआर के पूर्व इंजीनियर मल्लिकार्जुन अलीपुर और कलबुर्गी के पीडीओ रामचन्द्र शामिल हैं। इन कार्रवाइयों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की सक्रियता का पता चलता है।

लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, आरोपी इंजीनियर अशोक वलसांड के धारवाड़ स्थित आलीशान बंगले पर छापे के दौरान भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। लोकायुक्त की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी मुहिम का हिस्सा है और माना जा रहा है कि आने वाले समय में और भी कई अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।