जालंधर के चावला मोबाइल शॉप पर फायरिंग कर भाग रहे शूटर को भीड़ ने पकड़कर बुरी तरह कूटा,जबकि दूसरा साथी हुआ फरार
जालंधर : जालंधर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए गोलियां चलने की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा सनसनीखेज मामला जालंधर के थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आते अवतार नगर इलाके से सामने आया है, जहां स्थित ‘चावला मोबाइल शॉप’ पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
भाग रहे हमलावर को भीड़ ने सिखाया सबक, दूसरा साथी फरार
मोबाइल शॉप पर गोलियां चलाने के बाद जब आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां मौजूद साहसी लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक को दबोच लिया। गुस्से में आई भीड़ ने पकड़े गए हमलावर की जमकर धुनाई कर दी। हालांकि, इस दौरान उसका दूसरा साथी चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर घायल आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
फिरौती के लिए वारदात को अंजाम दिए जाने की चर्चा तेज
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से फायरिंग के असली कारणों की पुख्ता जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन घटनास्थल पर यह चर्चा जोरों पर है कि मोबाइल शॉप संचालक को पिछले कुछ दिनों से फिरौती (रैंसम) के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी फिरौती को लेकर डराने के मकसद से यह फायरिंग की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले की सच्चाई सामने ला दी जाएगी








