जानें किस जगह स्कूल पर गिरा लड़ाकू विमान, पायलट समेत 19 की दर्दनाक मौत, एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित..
ढाका : बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को एक भयावह हादसा हो गया, जहां वायुसेना का एक ट्रेनर विमान एक स्कूल की इमारत पर आ गिरा। समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट समेत अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 164 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस राष्ट्रीय त्रासदी के बाद सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और परिसर में सैकड़ों छात्र मौजूद थे। बांग्लादेशी सेना ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान वायुसेना का चीन निर्मित F-7 BGI ट्रेनर जेट था। विमान के टकराते ही स्कूल की इमारत में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सामने आए एक वीडियो में घायलों, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं, को हाथ-ठेलों और रिक्शों पर लादकर अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई घायल बच्चों को हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, 60 से ज्यादा गंभीर रूप से झुलसे घायलों को ढाका के नेशनल बर्न इंस्टीट्यूट में रेफर किया गया है, जबकि मामूली रूप से घायल कई लोगों का इलाज उत्तरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।










