MBD WEB NEWS

चुनावों से पहले पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, बिजली बिलों पर लगने वाला जुर्माना और ब्याज किया माफ

चुनावों से पहले पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, बिजली बिलों पर लगने वाला जुर्माना और ब्याज किया माफ

 

चंडीगढ़ – पंजाब सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार (13 नवंबर) को इस योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाला पूरा ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल बिल की मूल राशि का भुगतान करना होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना अगले 45 दिनों तक लागू रहेगी। इसके तहत उपभोक्ताओं को सबसे पहले बकाया मूल राशि का 25 प्रतिशत जमा कराना होगा। शेष 75 प्रतिशत रकम छह-छह महीने के अंतराल पर दो किस्तों में चुकाने की सुविधा दी जाएगी।

सरकार के मुताबिक, इस योजना का लाभ राज्य के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। इन उपभोक्ताओं पर कुल 2,516 करोड़ रुपये की बकाया राशि है, जिसमें से 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा।

OTS योजना से जुड़े अहम सवाल-जवाब

  •   इस योजना का लाभ किन उपभोक्ताओं को मिलेगा?
    – पंजाब के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकेंगे। इसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता शामिल हैं।
  • किन बिलों पर योजना लागू होगी?
    – 31 मार्च 2026 तक के बकाया घरेलू बिजली बिलों को इस योजना में शामिल किया गया है।
  • उपभोक्ताओं को कितनी राहत मिलेगी?
     बकाया बिलों पर लगा पूरा ब्याज और जुर्माना माफ होगा। उपभोक्ताओं को सिर्फ मूल बकाया राशि जमा करानी होगी।
  • बकाया राशि का भुगतान कैसे करना होगा?
    शुरुआत में मूल बकाया राशि का 25 प्रतिशत जमा करना होगा। बाकी 75 प्रतिशत राशि छह-छह महीने के अंतराल पर दो किस्तों में चुकाई जा सकेगी।
  • योजना कितने समय तक लागू रहेगी?
    ओटीएस योजना 45 दिनों तक लागू रहेगी।
  • कितने परिवारों को इसका फायदा मिलेगा?
    राज्य के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता इस योजना से लाभान्वित होंगे।
  • सरकार कितनी रकम माफ करेगी?
    कुल 2,516 करोड़ रुपये के बकाये में से 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा।
  • योजना का लाभ लेने के लिए कहां आवेदन करना होगा?
    मुख्यमंत्री के अनुसार, उपभोक्ताओं को किसी कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें ओटीएस योजना के तहत संशोधित बिजली बिल घर पर ही भेजे जाएंगे।
  • क्या 600 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी?
    हां, घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। ओटीएस योजना का संबंध केवल पुराने बकाया बिलों से है।
  • क्या कटा हुआ बिजली कनेक्शन दोबारा जुड़ सकेगा?
    जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाया बिलों के कारण काटे गए हैं, वे योजना की शर्तें पूरी करके बकाया मूल राशि का भुगतान करने के बाद कनेक्शन बहाल करवाने के पात्र होंगे।

बोले- हमने वे गारंटियां भी पूरी कीं, जो लिखी नहीं थीं

योजना की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चुनाव के समय दी गई गारंटियों के अलावा भी कई वादे पूरे किए हैं। उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराए जाने पर भी सवाल उठाए।

मान ने कहा कि पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने के लिए हवा की गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए और इसके बावजूद उसे दिल्ली पहुंचने में तीन दिन लगेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में धान की कटाई पूरी होने से पहले ही दिल्ली में प्रदूषण के लिए राज्य को जिम्मेदार ठहराया जाने लगा था।