MBD WEB NEWS

‘हमलावर के पास थी पावरफुल गन …’ वाशिगंटन फायरिंग पर बोले ट्रंप; सीक्रेट सर्विस एजेंट की वजह से बची जान

‘हमलावर के पास थी पावरफुल गन …’ वाशिगंटन फायरिंग पर बोले ट्रंप; सीक्रेट सर्विस एजेंट की वजह से बची जान

 

 

वाशिंगटन: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई भयानक गोलीबारी की घटना पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए हमले का खौफनाक मंजर बयां किया और बताया कि हमलावर बेहद शक्तिशाली हथियारों से लैस था। इस जानलेवा हमले में एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को गोली भी लगी, लेकिन किस्मत से उसकी जान बच गई। राष्ट्रपति ने अपनी सुरक्षा टीम के जांबाज सदस्यों की जमकर तारीफ की है और इस घटना को खुद की जान लेने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा करार दिया है।

सीक्रेट सर्विस एजेंट पर बेहद करीब से चली गोली, जैकेट ने किया चमत्कार

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमले की भयावहता का जिक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि हमलावर भारी हथियारों का जखीरा लेकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर घुस गया था। जब सीक्रेट सर्विस के बहादुर जवानों ने उसे दबोचने की कोशिश की, तो उसने एक अधिकारी पर बेहद करीब से एक बहुत ही शक्तिशाली बंदूक से सीधी गोली चला दी। गनीमत यह रही कि अधिकारी ने एक बेहतरीन क्वालिटी की बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसने अपना काम किया और गोली शरीर के पार नहीं हो सकी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें अपने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की बहादुरी पर गर्व है। उन्होंने खुद उस घायल अधिकारी से फोन पर बात की है और वह अब खतरे से बाहर है।

‘ये पहली बार नहीं है…’, ट्रंप का दावा और हमलावर की पहचान उजागर

इस खौफनाक घटना ने अमेरिका की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सेंधमारी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस हमले को लेकर सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में यह कोई पहला मौका नहीं है, जब किसी संभावित हत्यारे ने हमारे रिपब्लिक पर हमला किया हो और जो मुझे जान से मारना चाहता हो। ट्रंप ने इस दौरान गिरफ्तार किए गए हमलावर की तस्वीर भी दुनिया के सामने साझा की। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर जैसे वीवीआईपी कार्यक्रम में खून-खराबा करने की कोशिश करने वाले इस शख्स की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला है और फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी हिरासत में उससे पूछताछ की जा रही है।