कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा साबरमती एक्सप्रेस में आग लगी नहीं, लगाई गई थी; सोनिया गांधी की किताब में दावे पर SIT चीफ ने उठाए सवाल
नई दिल्ली- कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने की वजह को लेकर विवाद रहा है। उनके इस कथन पर मामले की जांच करने वाली गुजरात पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के तत्कालीन प्रमुख राकेश अस्थाना ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन में आग लगने की घटना कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी, जिसके पीछे देश को अस्थिर करने की योजना थी।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अस्थाना ने दावा किया कि जांच के दौरान ऐसे इनपुट सामने आए थे, जिनसे देश के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर हमले की साजिश का संकेत मिलता था। उन्होंने कहा कि खुफिया ब्यूरो को अयोध्या में बम विस्फोट की आशंका से जुड़े इनपुट मिले थे। योजना के तहत साधु के वेश में आकर कमंडल में बम विस्फोट करने और अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की तैयारी थी। अस्थाना के मुताबिक, इसी साजिश के तहत साबरमती एक्सप्रेस के उस डिब्बे को निशाना बनाया गया, जिसमें कारसेवक यात्रा कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि जांच में साजिश के तार पाकिस्तान तक जुड़े होने के संकेत मिले थे।
पाकिस्तान से आने वाली कॉल की भी हुई थी जांच
अस्थाना ने बताया कि जांच के दौरान अमन गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रज्जाक कुरकुर की भूमिका भी सामने आई थी। उन्होंने दावा किया कि जांच में पाकिस्तान से बड़ी संख्या में फोन कॉल आने और हिजबुल के आतंकियों की गतिविधियों से जुड़े तथ्य मिले थे। उनके अनुसार, कारसेवकों को निशाना बनाने और उनके यात्रा मार्गों पर हमले करने की व्यापक तैयारी थी। साबरमती एक्सप्रेस को भी इसी योजना के तहत निशाना बनाया गया था।
मोदी सरकार की ओर से जांच पर दबाव से किया इनकार
बातचीत के दौरान अस्थाना से पूछा गया कि क्या साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड की जांच के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी या राज्य सरकार की ओर से उन पर कोई दबाव बनाया गया था। इस पर उन्होंने साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सहित किसी भी स्तर से जांच को प्रभावित करने का प्रयास नहीं हुआ। अस्थाना के मुताबिक, जांच में मुस्लिम अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी और कई अधिकारियों ने अपनी पहचान छिपाकर अभियान चलाए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से जांच की थी।
स्टोव से आग लगने की थ्योरी पर भी उठाए सवाल
साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड की जांच के दौरान न्यायमूर्ति यूसी बनर्जी आयोग की रिपोर्ट में आग लगने की वजह कारसेवकों द्वारा ट्रेन में स्टोव ले जाना बताई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, स्टोव में आग लगने से ट्रेन के डिब्बे में आग फैल गई थी। हालांकि, अस्थाना ने इस निष्कर्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की रिपोर्ट को एक पीड़ित ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी और अदालत ने उसे खारिज कर दिया था।
उन्होंने दावा किया कि अदालत में पेश किए गए साक्ष्यों और मामले की जांच से यह साबित हुआ कि आग जानबूझकर लगाई गई थी। अस्थाना ने कहा कि इस मामले में जांच के निष्कर्षों को न्यायिक प्रक्रिया में भी परखा गया था।









