एयर इंडिया विमान का इमरजेंसी सिस्टम हवा में खुला, पायलट की सूझबूझ से हुई सेफ लैडिंग; यात्री बाल-बाल बचे
बर्मिंघम : एअर इंडिया की अमृतसर-बर्मिंघम उड़ान (AI117) में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लैंडिंग से ठीक पहले विमान का आपातकालीन ‘रैम एयर टरबाइन’ (RAT) हवा में ही खुल गया। यह एक गंभीर तकनीकी घटना मानी जाती है, हालांकि पायलटों की सूझबूझ से विमान ने बर्मिंघम में सुरक्षित लैंडिंग कर ली और सभी यात्री एवं क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
एअर इंडिया ने एक बयान जारी कर घटना की पुष्टि की है। बयान के अनुसार, “शनिवार को बर्मिंघम में उतरने के लिए अंतिम एप्रोच के दौरान फ्लाइट AI117 के क्रू ने रैम एयर टरबाइन (RAT) के सक्रिय होने का संकेत पाया। विमान के सभी इलेक्ट्रिकल और हाइड्रोलिक पैरामीटर सामान्य थे और विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।”
इस घटना के बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। इसके चलते बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली वापसी उड़ान AI114 को रद्द करना पड़ा है। एयरलाइन का कहना है कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
रैम एयर टरबाइन (RAT) किसी भी विमान में एक बेहद महत्वपूर्ण आपातकालीन उपकरण होता है। यह एक छोटी पवन चक्की की तरह काम करता है जो विमान के इंजन या मुख्य पावर सप्लाई के फेल हो जाने की स्थिति में हवा के दबाव से बिजली और हाइड्रोलिक पावर पैदा करता है। यह सिस्टम केवल गंभीर आपात स्थितियों में ही सक्रिय होता है, इसलिए इसका अपने आप खुलना एक बड़ी तकनीकी खामी माना जाता है।
यह पहली बार नहीं है जब बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में इस तरह की घटना सामने आई है। इसी साल जून महीने में अहमदाबाद में हुए एक विमान हादसे के दौरान भी इसी मॉडल के विमान का RAT सिस्टम अपने आप सक्रिय हो गया था। उस घटना की जांच में पाया गया था कि ईंधन आपूर्ति में रुकावट के कारण इंजन बंद हो गए थे, जिससे यह आपातकालीन सिस्टम सक्रिय हुआ।









