सिद्धू मूसेवाला हत्याकांडः जलवायु टॉवर सोसाइटी में पुलिस की रेड, कुछ संदिग्ध लिए हिरासत में
चंडीगढ़ः पंजाबी गायक व कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जांच एजेंसियां हरकत में हैं और जगह -जगह पर छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस की टीम ने वीरवार सुबह मोहाली के सन्नी एनक्लेव में स्थित जलवायु टॉवर के रिहायशी इलाके में छापेमारी की। मौके पर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर भी थे।
जानकारी अनुसार, एसएसपी मोहाली की देखरेख में यह सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसके लिए विशेष फोर्स बुलाई गई थी, इस दौरान पूरा जलवायु टावर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस की तरफ से दर्जन के करीब संदिग्ध व्यक्तियों को राउंड अप किया गया है। वहीं पुलिस ने यहां खड़ी कुछ पुरानी गाड़ियां भी बरामद की हैं। इस संबंधित एसएचओ सदर, खरड़ योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस की तरफ से इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस ऑपरेशन की जानकारी सांझी की जाएगी।
बता दें कि गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी रेड कर रही है। इस सिलसिले में मोहाली पुलिस ने शहर की कई सोसाइटियों में सर्च आपरेशन चलाया है। बताया जा रहा है कि यहां से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस टीम होमलैंड सोसाइटी में रेड करने पहुंची है। होमलैंड सोसाइटी में कई पंजाबी गायक वहां रहते हैं। वहां से पुलिस ने सटोरियों को दबोचा था। उससे पहले सेक्टर 88 के पूरब अपार्टमेंट में सर्च अभियान चलाया गया था। इस बार की सर्च में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस पूरी तरह जानकारी जुटाने से पहले कुछ भी कहने से बच रही है।








Leave a Reply