राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ भायुमो खोलेगा सरकार के खिलाफ मोर्चा, करेगा कंपनी बाग में प्रदर्शन
जालंधरः पंजाब में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था और आए दिन हो रही लूटपाट तथा गोलीबारी की घटनाओं से जहां लोगों में दहशत पाई जा रही है। वहीं लोग पुलिस के साथ-साथ राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं। जिसके बाद कई राजनीतिक पार्टी राज्य सरकार की नाकामी के खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है। इसी के तहत बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा भी पंजाब में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शहर के कंपनी बाग चौक में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन करेगा।
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जिला प्रधान पंकज जुल्का के नेतृत्व में शाम के समय श्री राम चौक (कंपनी बाग) में पंजाब सरकार का पुतला फूकेंगे। जिला प्रधान जुल्का ने कहा कि राज्य में हालात यह खड़े हो गए हैं कि कोई दिन ऐसा नहीं गुज़रता जिस दिन गोलीबारी, लूट, चोरी, हत्याओं की खबर सुनने को न मिलती हो। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से हालात कुछ ज्यादा ही बदतर हो गए हैं। खालिस्तानी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं, नशे का चलन एकाएक बढ़ गया है। जबकि सत्ता संभालने से पहले केजरीवाल और भगवंत मान ने वादा किया था कि चार महीने में नशा खत्म कर देंगे। जबकि पंजाब में उल्टा बढ़ गया है।
बता दें कि पंजाब के जालंधर में लोकसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सभी इकाइयां जहां सक्रिय हो गई हैं, वहीं सभी राजनीतिक पार्टियों ने चुनावों के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं।








Leave a Reply