भारत के खेल प्रेमियों के लिए आई खुशखबरी: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल के साथ नीरज ने जीता पाकिस्तानियों का दिल, VIDEO सोशल मीडिया पर मचा रहा धमाल
नई दिल्ली -भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। नीरज ने फाइनल में 88.17 मीटर दूर भाला फेंक कर पाकिस्तान के अरशद नदीम को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। नीरज वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। ऐतिहासिक जीत के बाद नीरज का पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम के साथ एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के हर कोई भारत के गोल्डन बॉय को सैल्यूट कर रहे हैं।
वीडियो को भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं। स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज ने नदीम को गले लगा लिया। इसके बाद वह और चेक रिपब्लिक के याकुव वाडवेज्च जब फोटो क्लिक कराने के लिए एक साथ आए तो उसी समय नदीम बगल में खड़े थे। इसके बाद नीरज ने नदीम को भी साथ आने को कहा।
वायरल वीडियो में नीरज तिरंगे के साथ चेक रिपब्लिक के याकुव वाडवेज्च के साथ फोटो क्लिक कराते नजर आते हैं। इस दौरान दोनों एथलीटों के पास अपने-अपने देश का झंडा था। इसी बीच, नीरज की नजरें अरशद नदीम पर पड़ती है और वह पाकिस्तानी एथलीट को भी फोटो क्लिक कराने के लिए अपने पास बुला लेते हैं। अरशद इस दौरान जल्दबाजी में होते हैं और वह अपने देश का झंडा भी नहीं ला पाते हैं। हालांकि इसके बाद भी वह नीरज के पास पहुंच जाते हैं और फोटो क्लिक कराने लगते हैं।
यह चैंपियनशिप 1983 से हो रही है और पहली बार किसी भारतीय एथलीट ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। चोपड़ा ने फाउल के साथ शुरू किया लेकिन दूसरे प्रयास में बढत बनाई जो अंत तक कायम रही। पाकिस्तान के नदीम भी तीसरे दौर के बाद दूसरे स्थान पर आ गए और आखिर में पहले दो स्थान इन्हीं दोनों को मिले।









Leave a Reply