कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक में घोषणा पत्र में इन बातों पर किया गया फोकस,सच्चर कमेटी, ओल्ड पेंशन स्कीम और जांच एजेंसियों पर कानून बनाने पर विचार…

चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ कई और बड़े नेता शामिल हुए थे. इस बैठक में घोषणा पत्र में शामिल किए जाने वाले वादों को लेकर चर्चा हुई.

सच्चर कमेटी, ओल्ड पेंशन स्कीम और जांच एजेंसियों पर कानून...कांग्रेस के घोषणा पत्र में इन बातों पर फोकस

कांग्रेस CWC की बैठक में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हुए

लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों के ऐलान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां वोटरों के लिए रणनीति बनाने में जुट गई हैं. मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई. इस बैठक में घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई. इसके साथ-साथ घोषणा पत्र में कौन से वादे को शामिल करना है इस पर भी पार्टी नेताओं के बीच में बातचीत हुई. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस बार के अपने घोषणा पत्र में सच्चर कमेटी, ओल्ड पेंशन स्कीम और जांच एजेंसियों पर कानून बनाने का वादा कर सकती है.

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद पार्टी के नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज घोषणा पत्र को लेकर बैठक हुई. हमने अनेक मुद्दों पर चर्चा की है और जो गारंटी मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने बार-बार बोला है, उसे हमने एक अमलीजामा पहनाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंचित वर्गों के लिए समर्पित है. हम अपने घोषणा पत्र में देश के हालात के बारे में भी लोगों को बताएंगे. हम बताएंगे कि आने वाले समय में जब इंडिया गठबंधन जीत कर आएगी तो किस प्रकार से अर्थव्यवस्था, किसान, बेरोजगार और नौजवानों के लिए काम करेंगे.

एससी-एसटी वर्ग के लिए स्पेशल बजट का कर सकती है वादा

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के घोषणापत्र की कुछ खास बातें सामने आई हैं. इसमें ओल्ड पेंशन स्कीम, सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू करने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देना और वहां तुरंत विधानसभा चुनाव कराना, लद्दाख को स्पेशल स्टेटस देना शामिल हो सकता है. इसके अलावा एससी-एसटी वर्ग के लिए स्पेशल बजट का जिक्र भी हो सकता है. कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने घोषणापत्र को मंजूर करने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अधिकृत किया है. इसके साथ घोषणा पत्र कब और कैसे जारी किया जाएगा इस संबंध में भी फैसला लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *