अमृतसर एयरपोर्ट पर महिला तस्कर गिरफ्तार, छिपाकर ले जा रही थी 18 लाख की विदेशी करंसी
अमृतसरः अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की टीम को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी, जब टीम ने दुबई जा रही महिला को विदेशी करंसी सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला से 18 लाख 18 हजार रुपए की विदेशी करेंसी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, महिला अमृतसर से एयर-इंडिया की फ्लाइट से दुबई जाने की तैयारी में थी। इस दौरान सीआईएसएफ के जवानों को उस पर शक हो गया, जब उसकी तलाशी ली गई तो उसकी कमर में बंधे एक बैग से अधिकारियों को 18.18 लाख रुपए की विदेशी करंसी बरामद हुई। बरामद हुई विदेशी करंसी में पाउंड, आस्ट्रेलियन डॉलर व यूरो शामिल है। सीआईएसएफ ने महिला को कस्टम अधिकारियों के हवाले कर दिया है। वहीं पूछताछ के दौरान महिला की निशानदेही पर कस्टम विभाग ने तस्करी गैंग के सरगना को भी काबू कर लिया है। और दोनों को कोर्ट में पेश करके कस्टम ने दोनों आरोपियों का दो-दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है।
दोनों आरोपियों ने बताया कि दोनों ही तस्करी गैंग का हिस्सा हैं। अभी तक दोनों 2.05 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा और तकरीबन 5 करोड़ रुपए के सोने की तस्करी देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स से कर चुके हैं। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को सीजेएम की अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।








Leave a Reply