अमृतसरः महानगर में वीरवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मेहता रोड पर फोकल प्वाइंट स्थित ब्राइट इंटरप्राइजेज पेंट फैक्टरी में सुबह पांच बजे भीषण आग लग गई, आग लगने से फैक्टरी के अंदर पड़े केमिकल के ड्रमों में तेज धमाके हुए। कैमिकल से हुए धमाकों से आसपास के इलाके दहल गए। घटना की सूचना तुरंत फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर नगर निगम एवं ढाव बस्तीराम सेवा सोसायटी की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि बाहर से भी गाड़ियां मंगवानी पड़ी।
जानकारी अनुसार, फैक्टरी कर्मचारियों ने बताया कि सुबह तकरीबन पांच बजे उन्हें धमाकों की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो पेंट फैक्टरी में भीषण आग लगी थी। एक साथ तकरीबन चार से पांच धमाके हुए। धमाके इतने जबरदस्त थे कि उनकी बिल्डिंग में भी कंपन महसूस की गई। इसके बाद तुरंत उन्होंने फैक्टरी मालिक को इसकी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने फायर ब्रिगेड के नंबर पर भी फोन किया।
मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि पेंट फैक्टरी होने के कारण अंदर इथेनाल भरा पड़ा है। आग बुझाने के लिए फायर कर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। यहां तक कि फायर ब्रिगेड को अपनी गाड़ियों में फोम डाल कर आग बुझानी पड़ी। जैसे ही वह फोम व पानी का स्प्रे बंद करते हैं, आग फिर से भड़क जाती है। साढ़े चार घंटे में 13 गाड़ियां पानी व फोम की लग चुकी हैं। फैक्टरी बंद होने के कारण शटर व खिड़कियां बंद थी। कुछ शटर तो अंदर हुए धमाकों से ही उखड़ गए, लेकिन कुछ को फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने शिकंजा डालकर खींचा और तोड़ा। आग की तपन इतनी अधिक थी कि 150 से 200 मीटर तक खड़ा होना भी मुश्किल था।