गांव मेहटियाना में दुबई से लौटे युवक की बेरहमी से हत्या, 3 माह पहले हुई थी शादी, जांच में जुटी पुलिस…
मेहटियाना: जिला होशियारपुर के अंतर्गत आते गांव मेहटियाना में उस वक्त दहशत फैल गई, जब मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने दुबई से लौटे एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, वहीं आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। मृतक की पहचन हरजिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी पंडोरी गंग सिंह के रूप में हुई है।
इस संबंधी मिली जानकारी के अनुसार हरजिंदर सिंह गत सुबह 7 बजे अपनी माता के साथ अपने घर से हवेली की ओर जा रहा था कि रास्ते में ही उनके एक पड़ोसी और पड़ोसी की मां द्वारा किसी रंजिश के तहत गाली-गलौच की गई। बात यहां तक बढ़ गई कि उसके पड़ोसी ने हरजिंदर सिंह की छाती पर अपने हाथ में पकड़े तेजधार चाकू से वार कर दिया और हरजिंदर सिंह घायल हालत में गली में ही गिर गया और हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल हालत में हरजिंदर सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत को गंभीर देखते हुए उसे फगवाड़ा के किसी निजी अस्पताल पहुचाया गया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा कर अगली कार्रवाई करते हुए बलजीत सिंह बल्ली पुत्र तरसेम सिंह व उसकी मां सुरजीत कौर पत्नी तरसेम सिंह निवासी पंडोरी गंगा सिंह थाना मेहटियाना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाथ में छापेमारी कर रही है।








