Blog

  • महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कैम्प 23 को

    महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कैम्प 23 को

    MBD NEWS: जालंधर (सुमेश शर्मा) 20 जनवरी: सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 23 जनवरी को स्थानीय रेड क्रॉस भवन में एक जागरूकता कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रोग्राम अधिकारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि जागरूकता कैंप के दौरान सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि कैम्प के दौरान महिलाओं को पौष्टिक आहार, योगाभ्यास और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ बेटियों की लोहड़ी भी मनाई जाएगी।
    जिला प्रोग्राम अधिकारी ने बताया कि कैंप के दौरान पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने महिलाओं से इस कैम्प का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

  • भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए सी-पाइट कैंप तेह कंजला में मुफ्त प्रशिक्षण शुरू

    भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए सी-पाइट कैंप तेह कंजला में मुफ्त प्रशिक्षण शुरू

    भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए सी-पाइट कैंप तेह कंजला में मुफ्त प्रशिक्षण शुरू

    MBD NEWS (सुमेश शर्मा) जालंधर, 20 जनवरी:जिला रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास और प्रशिक्षण ब्यूरो की डिप्टी डायरेक्टर नीलम महे ने जानकारी सांझा करते हुए बताया कि सी-पाइट कैंप, कपूरथला में अधिकारी कैप्टन अजीत सिंह के नेतृत्व में जिला जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट के युवाओं के लिए भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती होने के लिए शामिल होने की तैयारी के लिए मुफ्त प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
    उन्होंने कहा कि जो युवा शारीरिक/लिखित परीक्षा की तैयारी करना चाहते है वे सी-पाइट कैंप में निःशुल्क तैयारी कर सकते है। कैंप में युवाओं के लिए जिम और स्मार्ट क्लासरूम की विशेष व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि जो लोग कैम्प में प्रशिक्षण लेना चाहते है वे आधार कार्ड, दसवीं या बारहवीं कक्षा के प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि दस्तावेजों की कॉपी और दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ कैम्प में उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान मुफ्त आवास और भोजन उपलब्ध कराती है।
    उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 83601-63527/ 69002-00733/ 99143-69376 या प्रशिक्षण स्थान सी-पाइट कैंप, थेह कंजला, नजदीक मॉडर्न जेल, कपूरथला में संपर्क किया जा सकता है।

  • सैफ अली खान पर हमला करने वाले शहजाद निकला पहलवान, लोग हैरान

    सैफ अली खान पर हमला करने वाले शहजाद निकला पहलवान, लोग हैरान

     

    मुंबई- अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शहजाद को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बांग्लादेश में कुश्ती का खिलाड़ी था। आरोपी के अनुसार वह जिला के साथ ही नेशनल स्तर पर भी कुश्ती लड़ चुका है।

    आरोपी शहजाद ने पुलिस को बताया की वो बांग्लादेश में कुश्ती का खिलाड़ी था और कम भार वर्ग में कुश्ती खेलता था। आरोपी जिला स्तर और नेशनल चैंपियनशिप में अपना दम खम दिखाता था। कुश्ती का खिलाड़ी होने की वजह से वह सैफ अली खान पर हमला करने में कामयाब रहा। आरोपी शहजाद को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह भी बताया कि सैफ पर हमले के बाद उसने 3 से 4 बार अपने कपड़े बदले थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार घूम रहा था। वह बांद्रा स्टेशन गया। वहां से दादर,वर्ली, अंधेरी और फिर ठाणे चला गया।

    क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी शहजाद पिछले साल सितंबर महीने में मुंबई आया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहम्मद शहजाद ने सैफ अली खान के घर में घुसने से पहले कई मशहूर हस्तियों के घरों की रेकी की थी। आरोपी रिक्शा चालक से हस्तियों के घरों के बारे में जानकारी लेता था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने रिक्शा चालक से बांद्रा इलाके में रहने वाली हस्तियों के घर के बारे में जानकारी हासिल की थी।

    आरोपी ने शाहरुख खान-सैफ अली के अलावा अन्य कई हस्तियों के घर की रेकी की थी। 30 वर्षीय आरोपी शहजाद को पुलिस ने रविवार सुबह ठाणे शहर से पकड़ा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहजाद को रविवार को मुंबई के बांद्रा इलाके में खान के घर से करीब 35 किलोमीटर दूर ठाणे के कासरवदावली में हीरानंदानी एस्टेट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ठाणे के एक जंगली इलाके में एक श्रमिक शिविर में शहजाद का पता लगाया। सूत्रों के अनुसार, “शहर में सात घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।” अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है।

  • जानें पंजाब में किस जगह हुई दिल दहला देने वाली घटना, 9 साल के बच्चे को कुत्तों ने नोंच नोंच कर मार डाला

    जानें पंजाब में किस जगह हुई दिल दहला देने वाली घटना, 9 साल के बच्चे को कुत्तों ने नोंच नोंच कर मार डाला

     

     

    पटियाला – पूरे पंजाब में ऐसा कोई शहर या जिला नहीं है जहां आवारा कुत्ते लोगों के खाैफ की वजह न बन रहे हों। कुछ दिन पहले ही जालंधर में एक बुजुर्ग महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था वहीं अब पटियाला में तो दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां नाभा के गांव ढींगी में 10 से अधिक आवारा कुत्तों ने 9 साल के बच्चे को इतना नोंचा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

    शिवम के परिवार वाले खेतों में मजदूरी का काम करते हैं। अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने बच्चे शिवम को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। जब तक आसपास के लोग बच्चे की मदद के लिए पहुंचे, तब तक कुत्ते उसे बुरी तरह जख्मी कर चुके थे।

  • आत्महत्या की कोशिश करने वाली महिला को फंदे से तो जिंदा उतार लिया, एंबुलेंस के गेट ने ले ली जान!जानें घटित हुई ये घटना..

    आत्महत्या की कोशिश करने वाली महिला को फंदे से तो जिंदा उतार लिया, एंबुलेंस के गेट ने ले ली जान!जानें घटित हुई ये घटना..

     

    भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक 43 वर्षीय महिला की सरकारी एंबुलेंस में फंसकर मौत हो गई। महिला ने पहले फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचने पर एंबुलेंस का गेट जाम होने के कारण समय पर इलाज न मिलने से उसकी जान चली गई।

    प्रतापनगर थाने के एसएचओ सुरजीत थोलिया के अनुसार, महिला ने रविवार शाम अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। परिवार ने उसे तुरंत फंदे से उतारा और अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस समय पर अस्पताल तो पहुँच गई, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसका गेट 20 मिनट तक जाम रहा, जिसके चलते महिला को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और उसकी मौत हो गई।

    महिला के परिजनों ने एंबुलेंस के मेडिकल स्टाफ पर लापरवाही के कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं, जिनकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार, महिला के आत्महत्या के प्रयास का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। महिला के पति और दो बच्चों ने उसे फंदे पर झूलते हुए देखा था और तुरंत उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले गए थे।

    एसएचओ ने बताया कि महिला को जब अस्पताल लाया जा रहा था, तब वह जीवित थी। लेकिन अस्पताल पहुँचने के बाद 20 मिनट तक एंबुलेंस में बंद रहने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। महिला के परिवार और स्टाफ के उतरने के बाद, पीड़िता के स्ट्रेचर को बाहर निकालने से पहले ही गेट में खराबी आ गई और वह लॉक हो गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, 20 मिनट बाद स्टाफ और महिला के बड़े बेटे ने खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

    पीड़िता के बेटे ने मीडिया को बताया कि एंबुलेंस का ड्राइवर शुरुआत में दो किलोमीटर तक गलत दिशा में एंबुलेंस ले गया, जिससे काफी समय बर्बाद हो गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि एंबुलेंस के सिलेंडर में पर्याप्त ऑक्सीजन भी नहीं थी और बार-बार कहने पर भी एंबुलेंस स्टाफ ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बेटे ने कहा, इन सबके बावजूद हमने अस्पताल जल्दी पहुंचने की कोशिश की, लेकिन गेट बंद हो जाने की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल प्रबंधन ने मेरी मां को मार डाला।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंबुलेंस को जब्त कर लिया गया है और परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। वहीं, भीलवाड़ा के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीपी गोस्वामी ने कहा कि अधिक भीड़ की वजह से गेट में खराबी आ गई थी और स्टाफ पूरी तरह प्रशिक्षित था। उन्होंने पीड़ित परिवार को खिड़की तोड़ने की बजाय थोड़ा और धैर्य रखने की बात कही और सिलेंडर में ऑक्सीजन कम होने के आरोपों को खारिज कर दिया।

  • बलवंत सिंह राजोआना की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को दिया ये आखिरी मौका,‘फांसी को उम्रकैद में बदल दें’,

    बलवंत सिंह राजोआना की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को दिया ये आखिरी मौका,‘फांसी को उम्रकैद में बदल दें’,

    नई दिल्ली- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआना की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को 18 मार्च तक फैसला लेने का समय दिया है। कोर्ट ने साफ लफ्जों में कहा कि यह केंद्र सरकार को दिया गया आखिरी मौका है।

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर केंद्र सरकार इस मामले में फैसला नहीं ले पाई, तो अदालत मेरिट के आधार पर सुनवाई शुरू करेगा। इस मामले में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केंद्र सरकार की ओर से कहा कि एक मुख्यमंत्री समेत 16 लोगों की हत्या का मामला है, सरकार अभी इस मुद्दे पर विचार कर रही है। पिछली सुनवाई में भी सुप्रीम कोर्ट ने राजोआना की मर्सी पिटीशन पर गृह मंत्रालय से जल्द फैसला लेने को कहा था।

    बता दें कि बलवंत सिंह राजोआना लगभग 27 साल से जेल में बंद है और उसकी दया याचिका केंद्र सरकार के पास 12 साल से लंबित है। सुनवाई के दौरान राजोआना की तरफ से दलील दी गई थी कि बम ब्लास्ट में मुख्यमंत्री की मौत हो गई थी और इस मामले में जुलाई 2007 में मौत की सजा सुनाई गई। हाई कोर्ट ने 2010 में सजा बरकरार रखा था। 27 साल से जेल में हैं। 2012 से दया याचिका लंबित है। राजोआना की तरफ से वकील मुकुल रोहतगी ने कहा था कि मौत की सजा के मामले में लंबे समय तक देरी करना मौलिक अधिकार का हनन है। उन्होंने दया याचिका पर फैसला होने तक पेरोल पर छोड़े जाने की भी मांग की।

  • हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर बैठे किसानों का दिल्ली कूच फिलहाल टला, पंधेर ने केंद्र से 14 फरवरी से पहले चंडीगढ़ में मीटिंग करने को कहा

    हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर बैठे किसानों का दिल्ली कूच फिलहाल टला, पंधेर ने केंद्र से 14 फरवरी से पहले चंडीगढ़ में मीटिंग करने को कहा

     

    पटियाला : हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से किसानों का दिल्ली कूच फिलहाल टाल दिया गया है। किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर ने सोमवार को शंभू बॉर्डर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

    पंधेर ने कहा कि केंद्र सरकार को 14 फरवरी से पहले किसानों के साथ बैठक करनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि यह बैठक चंडीगढ़ की बजाय दिल्ली में होनी चाहिए। इससे पहले सुबह पंधेर ने कहा था कि किसान दिल्ली कूच करेंगे। केंद्र सरकार किसानों में फूट डालने की कोशिश कर रही है। केंद्र ने किसानों को 14 फरवरी को चंडीगढ़ में बातचीत का न्योता दिया था।

    फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गारंटी कानून समेत अन्य मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने आज (20 जनवरी) पंजाब-हरियाणा समेत देशभर में लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के आवास का घेराव करने का ऐलान किया था। हालांकि, केंद्र से बातचीत का न्योता मिलने के बाद SKM ने इस कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब किसान घेराव करने की बजाय ई-मेल के जरिए सांसदों को अपनी मांगों का ज्ञापन भेजेंगे।

    SKM ने यह भी घोषणा की है कि 26 जनवरी को देशभर में ट्रैक्टर मार्च निकाले जाएंगे। SKM नेता दर्शनपाल सिंह ने कहा था कि सांसदों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक संदेश भेजने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों से जल्द बातचीत शुरू हो सके। केंद्र सरकार के बातचीत के न्योते के बाद किसानों ने फिलहाल दिल्ली कूच का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है, लेकिन वे अपनी मांगों पर अडिग हैं और सरकार से जल्द बातचीत शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

  • डल्लेवाल को चढ़ाया गया ग्लूकोज, 121 किसानों ने खत्म किया अनशन, 14 फरवरी को सरकार के साथ होगी बैठक

    डल्लेवाल को चढ़ाया गया ग्लूकोज, 121 किसानों ने खत्म किया अनशन, 14 फरवरी को सरकार के साथ होगी बैठक

     

    खनौरी- केंद्र सरकार 14 फरवरी को चंडीगढ़ में पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बैठक करेगी, जिसमें उनकी मांगों पर चर्चा की जाएगी। इस बात की जानकारी केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। वहीं रविवार को पंजाब के 111 किसानों ने पांचवें व हरियाणा के 10 किसानों ने तीसरे दिन पर अपना मरणव्रत समाप्त कर दिया।

    किसान नेता काका सिंह कोटड़ा, सुखजीत सिंह हरदोझंडे, बलदेव सिंह सिरसा ने जूस पिलाकर इन किसानों का मरणव्रत समाप्त करवाया।
    14 फरवरी को चंडीगढ़ सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट में किसानों और केंद्र सरकार के बीच बैठक होगी। आंदोलनकारी किसान फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं। प्रस्तावित बैठक की घोषणा के बाद किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने चिकित्सा सहायता लेने पर सहमति जताई है। हालांकि मांगें पूरी होने तक अन्न और भोजन ग्रहण नहीं करेंगे। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन शनिवार को 54वें दिन में प्रवेश कर गया।

    इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रिय रंजन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अनशन कर रहे डल्लेवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जो पिछले 11 महीनों से आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। बैठक के ऐलान के बाद किसान नेताओं ने डल्लेवाल से अनुरोध किया कि वे चिकित्सा सहायता लें ताकि वे इस प्रस्तावित बैठक में हिस्सा ले सकें। यह पहली बार है जब केंद्र के किसी प्रतिनिधि ने पिछले साल फरवरी में केंद्रीय मंत्रियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद किसी प्रस्ताव के साथ प्रदर्शनकारी किसानों से मुलाकात की है। पिछले साल 8, 12, 15 और 18 फरवरी को केंद्रीय मंत्रियों और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच चार दौर की बैठकें हुई थीं, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही थी।

    किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के स्वास्थ्य के बारे में केंद्र सरकार को उम्मीद है कि वह अपना आमरण अनशन समाप्त करेंगे और बैठक में हिस्सा लेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान पिछले साल 13 फरवरी से शंभू और खनौरी सीमा पर डेरा डाले हुए हैं, क्योंकि सुरक्षा बलों ने उन्हें अपनी फसलों के लिए कानूनी एमएसपी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली तक मार्च करने की अनुमति नहीं दी थी।

  • 21 और 27 जनवरी की यूजीसी नेट परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, जानें कैसे करें डाउनलोड

     21 और 27 जनवरी की यूजीसी नेट परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, जानें कैसे करें डाउनलोड

     

     

    नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 21 और 27 जनवरी को होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी।

    एडमिट कार्ड डाउनलोड में समस्या होने पर क्या करें?
    यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आ रही है या एडमिट कार्ड में दी गई जानकारी में कोई त्रुटि है, तो वे एनटीए से 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

    परीक्षा क्यों हुई थी री-शेड्यूल?
    यूजीसी नेट परीक्षा मूल रूप से 15 जनवरी को आयोजित होने वाली थी, लेकिन पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों के कारण एनटीए ने इस दिन की परीक्षा स्थगित कर दी थी। बाद में, एनटीए ने घोषणा की कि स्थगित परीक्षा अब 21 और 27 जनवरी को आयोजित की जाएगी।

    एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें
    यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाएं।
    “एडमिट कार्ड डाउनलोड” लिंक पर क्लिक करें।
    अपना एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
    विवरण सबमिट करें और अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें।
    परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाले आवश्यक दस्तावेज़:

    एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट
    एक पासपोर्ट साइज फोटो (ऑनलाइन आवेदन पत्र पर अपलोड किया गया फोटो)
    मान्य फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट)
    फोटो पहचान पत्र पर दर्ज नाम एडमिट कार्ड पर लिखे नाम से मेल खाना चाहिए।
    यदि दिव्यांग श्रेणी के तहत छूट का दावा किया जा रहा है, तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया दिव्यांगता प्रमाण पत्र।

    यूजीसी नेट परीक्षा का उद्देश्य
    यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति और पीएचडी में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों की योग्यता निर्धारित करने के लिए किया जाता है। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपना एडमिट कार्ड जल्द से जल्द डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लें।

  • महाकुंभ मेला क्षेत्र में अचानक लगी भीषण आग में 3 सिलेंडर फटे, 25 टेंट जलकर हुए खाक

    महाकुंभ मेला क्षेत्र में अचानक लगी भीषण आग में 3 सिलेंडर फटे, 25 टेंट जलकर हुए खाक

     

    प्रयागराज : प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को एक भीषण आग लग गई। आग शास्त्रीय ब्रिज के नीचे सेक्टर 19 के इलाके में लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग में कई लोगों के झुलसने की सूचना है, जिसके चलते अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

    जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे सेक्टर 16 स्थित दिगंबर अनी अखाड़े में प्रसाद बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई, जो तेज़ी से फैल गई। टेंटों में रखे तीन सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गए, जिससे आग और विकराल हो गई। इस आग में 20 से 25 टेंट जलकर खाक हो गए

    घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। भीड़ अधिक होने के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कुछ समय लगा। पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी सेक्टरों की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा जा रहा है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है।