अमरनाथ यात्रा को लेकर लश्कर ने दी धमकी, आतंकी संगठन टीआरएफ का मिला धमकी भरा पत्र
नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा को लेकर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने धमकी दी है। दरअसल, रविवार को द रेजिस्टेंस फ्रंट ने धमकी भरा पत्र जारी करा है। बता दें कि अमरनाथ यात्रा की 30 जून से शुरुआत हो रही है। 43 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 11 अगस्त को समाप्त होगी। इसी बीच अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकी संगठन का यह धमकी भरा पत्र मिलना चिंता का विषय़ है। आंतकी संगठन की ओर से राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ पर निशाना साधा गया है।
संगठन का कहना है कि वे यात्रा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन तीर्थयात्री तब तक सुरक्षित हैं जब तक कि वे कश्मीर मुद्दे में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। आतंकी संगठन का कहना है कि अगर अमरनाथ यात्रा का इस्तेमाल राजनीतिक और जनसांख्यिकीय लाभ के लिए किया जाता है तो वह सरकार की योजनाओं को सफल नहीं होने देंगे।
जिक्रयोग्य है कि अमरनाथ यात्रा वर्षों से आतंकियों के निशाने पर रही है। साल 2,000 में पहलगाम बेस कैंप में आतंकी हमले में 17 तीर्थयात्रियों सहित 25 लोग मारे गए थे। वहीं, जुलाई 2017 में यात्री बस पर हुए आतंकी हमले में सात तीर्थयात्री मारे गए थे। गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा को शांति और सुरक्षित तरह से पूरी कराने के लिए गृह मंत्रालय ने खास तैयारियां की हैं। अमरनाथ यात्रा के दो मार्गों पर अर्धसैनिक बलों के कम से कम 12, 000 जवानों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के हजारों कर्मियों को तैनात किए जाने की उम्मीद है। ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
गौरतलब है कि साल 2020 और 2021 में कोरोना महामारी की वजह से यात्रा नहीं हो पाई थी। जम्मू-कश्मीर में हिंसा की हालिया घटनाओं के बाद अमरनाथ यात्रा अहम सुरक्षा चुनौती है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा की समीक्षा की थी।








Leave a Reply