चंडीगढ़ मेयर चुनाव टलने के बाद AAP ने कहा- हाई कोर्ट जाएंगे

चंडीगढ़ मेयर चुनाव टलने के बाद AAP ने कहा- हाई कोर्ट जाएंगे

 

चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए आज चुनाव होना था, लेकिन अभी के लिए वो टल गया है. प्रेसाइडिंग अफसर की तबीयत खराब ठीक न होने की वजह से चुनाव स्थगित कर दिया गया है. वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने कहा है कि प्रेसिडिंग अफसर बीमार नहीं हैं. आप का कहना है कि वो निष्पक्ष चुनाव के लिए हाई कोर्ट जाएंगे.

 

चंडीगढ़ नगर निगम को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. आज चुनाव होने थे, लेकिन उससे पहले प्रेसाइडिंग अफसर अचानक से बीमार पड़ गए. चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए नियुक्त किए प्रेसाइडिंग अफसर अनिल मसीह की तबीयत खराब होने को लेकर निगम के ज्वॉइंट कमिश्नर इशा कंबोज की तरफ से पत्र जारी किया गया है. पत्र में लिखा गया कि अनिल मसीह ने उन्हें टेलीफोन पर जानकारी दी है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह आज होने वाले मेयर चुनाव के लिए आने में असमर्थ हैं. इसलिए कानून व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर निगम कार्यालय में किसी भी प्रकार की एंट्री को रोका जाए.

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा है कि अगर इंडिया गठबंधन एकजुट होकर लड़ता रहा तो वो दिन दूर नहीं है कि बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाग जाए. अभी यह छोटा सा चुनाव है. इसमें इंडिया गठबंधन ने इनकी नींद उड़ा दी है. हम चुनाव आयोग से निवेदन करेंगे कि अगर एक प्रेसाइडिंग अफसर बीमार पड़े तो दूसरा भेजो. कायर बीजेपी हार गई है. हमारे पास आज इस इलेक्शन बिल्डिंग में जाने के लिए वैलिड पास थे और बताया गया कि वो बीमार हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि वो बीमार नहीं हैं. यह 2024 की सिर्फ एक झलक है. भारत के जनता को साथ आना पड़ेगा. हम हाई कोर्ट में गुहार लगाएंगे कि निष्पक्ष चुनाव हो.

इस बीच, चंडीगढ़ नगर निगम के बाहर भारी हंगामा हुआ. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद यहां पर मौजूद हैं. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद धरने पर बैठ गए हैं. कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एच एस लक्की और कांग्रेस के पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनको नगर निगम कार्यालय में एंट्री नहीं दी जा रही है. उन्हें कहा जा रहा है कि जो प्रेसिडिंग अफसर बनाए गए थे अनिल मसीह उनकी तबीयत खराब हो गई है, इसलिए फिलहाल अभी अंदर उनको एंट्री नहीं दी जाएगी.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *