22 जनवरी को अयोध्या में परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर, UP के DGP ने बताया प्लान
Pran Pratishtha: यूपी के डीजीपी के मुताबिक, अयोध्या नगरी में 10 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. शहर में जो भी टेक्निकल इक्विपमेंट्स लगाए जा रहे हैं, वो काफी मॉडर्न हैं और तमाम सुविधाओं से लैस होंगे.
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे तैयारियों में भी तेजी देखी जा रही है. तैयारियां सिर्फ मंदिर को चमकाने ही नहीं बल्कि चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने की भी हो रही है.
उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी प्रशांत कुमार ने सुरक्षा को लेकर पूरा प्लान बताया है. उनके मुताबिक पुलिस की गाड़ियां नियमित समय पर पेट्रोलिंग करेंगी. साथ ही सीसीटीवी कवरेज भी हो रहा है. प्राण प्रतिष्ठा के दिन और बाद में दर्शनार्थियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
यूपी के डीजीपी के मुताबिक, अयोध्या नगरी में 10 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. शहर में जो भी टेक्निकल इक्विपमेंट्स लगाए जा रहे हैं, वो काफी मॉडर्न हैं और तमाम सुविधाओं से लैस होंगे. ड्रोन के जरिए सरयू नदी की सुरक्षा ड्रोन से होगी. सभी एजेंसियों के आपसी कॉर्डिनेशन से कार्यक्रम चल रहा है. वहां की चीजों का निरीक्षण लगातार जारी है.
उन्होंने आगे कहा, 17 या 18 जनवरी से भारी वाहनों को अयोध्या से डायवर्ट किया जाएगा, जिसके लिए ट्रैफिक एडवाइजरी समय-समय पर जारी की जाएगी. यह जानकारी सोशल मीडिया, आधिकारिक वेबसाइट और प्रिंट मीडिया पर उपलब्ध कराई जाएगी. आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी. सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल जीआरपीएफ की तैनाती होगी.
सिर्फ आमंत्रित लोग ही आ सकेंगे अयोध्या
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि 20-22 जनवरी तक केवल आमंत्रित सदस्य ही अयोध्या जा सकेंगे. प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान पूरी अयोध्या की अभेद सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे. मिश्रा की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया कि 20 से 22 जनवरी के मध्य अयोध्या में उन्हीं लोगों के आने की व्यवस्था हो, जिनको ट्रस्ट ने आमंत्रित किया है. सड़क और रेल मार्ग पर जरूरी इंतजाम किए जाएं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए शहर की 10,715 जगहों पर कैमरों की मदद से हर व्यक्ति की शिनाख्त करने की व्यवस्था को भी लागू करने को कहा गया है. अयोध्या में मादक पदार्थों का सेवन न हो, इस पर भी विशेष नजर रखने के आदे दिए गए हैं. शहर में मौजूद हर बाहरी शख्स का भी वेरीफिकेशन कराया जाएगा.









Leave a Reply