हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने मचाई तबाही, चक्की पुल टूटा, खड्ड में आई बाढ़ में बह गया पिलर
पठानकोटः हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। भारी बारिश की वजह से राज्य के कई जिलों में कई तरह की आपदाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं, हिमाचल को पंजाब से जोड़ने वाला कंडवाल स्थित चक्की खड्ड पर बना 800 मीटर लंबा रेलवे पुल बह गया है। शनिवार सुबह पुल का पिलर व दो स्पेम एकाएक गिर गए। पुल टूटने से कांगड़ा घाटी रेल का संपर्क भी पूरी तरह से कट गया है। हालांकि रेलवे विभाग ने बीते माह के दौरान ही पठानकोट से जोगेंद्रनगर ट्रैक पर चलने वाले रूट बरसात के चलते बंद कर दिए थे, क्योंकि रेलवे की टीम ने इस पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था।
जानकारी अनुसार, इस रेलवे पुल के गिरने का मुख्य कारण अवैध खनन ही बताया जा रहा है। खनन माफिया ने पुल के आगे पीछे दोनों और अवैध खनन कर करके चक्की खड्ड के बहाव को ही सिकोड़ दिया है। जो चक्की खड्ड पहले मीटरों फैलकर बहती थी वह अब सिकुड़ चुकी है। पुल के पास तो यह स्थिति है कि यहां चक्की खड्ड का बहाव मात्र 12-15 मीटर ही रह गया है। इसी के चलते यह हादसा हुआ है।
मौसम विभाग ने आज कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, सिरमौर और मंडी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। चंबा जिले में शनिवार सुबह बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद मकान ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ के चलते घरों में पानी घुस गया, जिससे कुछ ग्रामीण वहां फंस गए और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।








Leave a Reply