हत्याकांड के बाद पाकिस्तान भागने की फिराक में थे रूपा और मनु..

हत्याकांड के बाद पाकिस्तान भागने की फिराक में थे रूपा और मनु..

 

बुधवार को पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़ के बाद से मारे गए अपराधियों के बारे में लगातार खुलासे हो रहे हैं। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने खुलासा किया है कि गैंगस्टर रूपा और मनु को गांव भकना के पास एक सुनसान घर में छोड़ने के लिए एक गाड़ी आई थी। अब इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए टास्क फोर्स की टीमें रवाना कर दी गई हैं।

गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल शॉर्प शूटरों मनप्रीत मनु उर्फ कुस्सा और जगरूप रूपा को पुलिस ने करीब पांच घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद मार गिराया था। दोनों ओर से करीब 150 गोलियां दागी गईं। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी और एक मीडिया कर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस को एक एके 47, एक पिस्टल और एक बैग मिला है। दोनों गैंगस्टर भारत -पाक सीमा से महज आठ किलोमीटर दूर गांव भकना व होशियार नगर के मध्य खेतों में स्थित एक पुराने घर में छिपे थे।

गैंगस्टर रूपा
मारे गए गैंगस्टर्स से मिले सामान में कुछ गोलियां, एके 47 के कारतूस, कपड़े और एक टूटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ है। घटना स्थल से दो पिस्टल और एक एके 47 राइफल भी मिली है।
दो दिनों के लिए घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है। इस दौरान फोरेंसिक टीम घटनास्थल की पूरी जांच करेगी। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी है कि मारे गए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे तस्कर रिंदा के साथ संपर्क में थे। दोनों पाकिस्तान भागने की कोशिश में भी थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बैग से किसी भी तरह का कोई पहचान पत्र या कोई पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस टीम के अनुसार, आरोपी बुधवार सुबह ही इस सुनसान घर में पहुंचे थे। इसकी सूचना पुलिस को हासिल हुई और पुलिस ने पुराने घर को घेर कर आरोपियों को जिंदा पकड़ने की कोशिश के तहत आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था लेकिन गैंगस्टर्स ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनु और रूपा मारे गए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *