सिद्धू मूसेवाला हत्याकांडः विदेशों में भी एक्शन शुरू, अजरबैजान से हिरासत में लिया गया सचिन बिश्नोई
चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भांजे सचिन बिश्नोई को हिरासत में लिया। सचिन विश्नोई थापन को अजरबैजान से पकड़ा गया है। आरोप है कि लॉरेंस गैंग को सचिन ही बाहर से निर्देश देता था। सचिन विश्नोई ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। सचिन विश्नोई का फर्जी पासपोर्ट दिल्ली के संगम विहार इलाके के एक पते पर बनाया गया था।
जानकारी अनुसार, सचिन बिश्नोई के पास से फर्जी पासपोर्ट भी बरामद किया गया है। सचिन अपना पूरा नाम सचिन थापन लिखता है, जबकि उसके पास से तिलक राज टूटेजा के नाम का पासपोर्ट बरामद किया गया है। सचिन के पिता का असली नाम शिव दत्त है, जबकि फर्जी पासपोर्ट में उसके पिता का नाम भीम सेन लिखा हुआ है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से करीब 1 महीने पहले 21 अप्रैल के बाद सचिन विश्नोई फ़र्ज़ी पासपोर्ट के जरिये दुबई भाग गया था। दुबई से वह अजरबैजान चला आया था, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया है।
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने मानसा अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। 1850 पन्नों की इस चार्जशीट में 36 आरोपियों में से 24 नाम कातिलों के दिए गए हैं। अदालत में दाखिल इस चार्जशीट में हत्याकांड के मास्टरमाइंड लॉरेंस बिश्नोई समेत विदेश में छुपे 4 गैंगस्टर गोल्डी बराड़, लिपिन नेहरा, सचिन विश्नोई थापन और अनमोल के नाम हैं। पंजाब पुलिस ने चार्जशीट में 122 गवाह शामिल किए हैं। चार्जशीट में बताया गया है कि इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो आरोपियों का एनकाउंटर किया जा चुका है।








Leave a Reply