वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने सिल्वर मेडल जीतने के बाद सिद्धू मूसेवाला के अंदाज में मनाया जश्न, सिंगर की मौत पर 3 दिन नहीं खाया था खाना
नई दिल्लीः इंग्लैंड के बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत को सिल्वर मेडल दिलाने वाले वेट लिफ्टर विकास ठाकुर दिवगंत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के बहुत बड़े फैन हैं। विकास ठाकुर ने 96 किलो वर्ग में यह मेडल जीता, विकास ने कुल 346 किलो वजन उठाया। यह बर्मिघम में हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का 12वां मेडल है। इनमें से 8 मेडल वेटलिफ्टिंग में आए हैं। विकास ठाकुर ने 96 किलो वर्ग में स्नैच में 155 और क्लीन एंड जर्क में 191 किलो का वजन उठाया, जो सिल्वर मेडल जीतने के लिए काफी था।
बता दें कि भारत से बर्मिंघम तक की यात्रा में मूसेवाला के गीत सुनते हुए विकास आए हैं। बड़ी बात यह है कि विकास ने मूसेवाला की हत्या के 2 दिन बाद तक खाना नहीं खाया था। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मेडल सेरेमनी के दौरान विकास ठाकुर ने मूसेवाला के अंदाज में ही जांघ पर थपकी मारकर जीत सेलिब्रेट की।
उनका कहना था कि पंजाबी थप्पी सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि थी। हालांकि विकास का कहना है कि मैं कभी मूसेवाला से मिला नहीं, लेकिन उनके गीत हमेशा मेरे साथ रहेंगे। यहां आने से पहले भी मैं वही सुन रहा था। मैं हमेशा उनका बड़ा प्रशंसक रहूंगा। विकास ठाकुर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी हैट्रिक पूरी की है। साथ ही मां से किया वादा भी पूरा किया। विकास ठाकुर ने अपनी मां से वादा किया था कि मां के जन्मदिवस पर उसका फाइनल होगा और उसी दिन विकास ने मां आशा ठाकुर की झोली में मेडल डाल उनकी मुराद पूरी की। विकास ने पहले 2014 में सिल्वर, 2018 में कांस्य पदक जीता था और अब 2022 में सिल्वर मेडल जीत कर देश का, परिवार का नाम रोशन कर दिया।








Leave a Reply