विजय सिंगला की गिरफ्तारी पर बोले केजरीवाल, गर्दन कट जाएगी लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे..

 विजय सिंगला की गिरफ्तारी पर बोले केजरीवाल, गर्दन कट जाएगी लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे..

विजय सिंगला पर हुए ऐक्शन पर विपक्षी पार्टियों को भी निशाने में लिया

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गर्दन कट जाएगी लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला पर भ्रष्टाचार के आरोपों में हुई गिरफ्तारी पर दिल्ली सीएम और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमे भगवंत मान पर गर्व है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गर्दन कट जाएगी लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे। उन्होंने विजय सिंगला पर हुए ऐक्शन पर विपक्षी पार्टियों को भी निशाने में लिया। जानिए क्या-क्या कहा उन्होंने…

एक वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने ही मंत्री विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का पर्दाफाश किया और उनके खिलाफ सिर्फ बर्खास्तगी ही नहीं एफआईआर दर्ज करवाई और गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि ठेके के लिए शुकराना मांगने के आरोप में उनके खिलाफ ऐक्शन लिया गया है। जानकारी के अनुसार, भगवंत मान के हाथ मंत्री का ऑडियो क्लिप हाथ लगा। जिसमें वे कथित तौर पर शुकराना मांग रहे थे। सीएम मान ने मंत्री सिंगला को अपने घर बुलाया और ऑडियो क्लिप सुनाई। सिंगला ने अपने आरोपों को कबूला। जिसके बाद सीएम मान ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि हमे भगवंत मान पर गर्व है। इस तरह का ऐक्शन देश में किसी सरकार ने पहली बार लिया है। अपनी ही सरकार के मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता के सामने हमने वादा किया था कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। आज मान सरकार की ओर से किया गया यह ऐक्शन इस बात का सुबूत है कि हम किसी भ्रष्टाचारी को नहीं बख्शेंगे। उन्होंने आगे कहा कि गर्दन कट जाएगी लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे।

पंजाब में सीएम भगवंत मान की ओर से की गई कार्रवाई पर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाया है। पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष भरत भूषण ने कहा कि आज एक नेता पर कार्रवाई हुई है ये अच्छी बात है लेकिन, पार्टी में तो सारे नेता भ्रष्टाचारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में जिस तरह टिकटों के लिए कालाबाजारी हुई वो जगजाहिर है। अब सरकार में वही मंत्री हैं जिन्होंने पैसे के दम पर टिकट पाए थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *