लुधियाना में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, पैट्रोल पंप के बाथरूम में पड़ा मिला शव
लुधियानाः लुधियाना के गांव सायां कलां में उस वक्त सनसनी फैल गई जब यहां स्थित पैट्रोल पंप के बाथरूम में एक युवक का शव बरामद हुआ। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना सदर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। उसके शव के पास सिरिंज भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हुई है। मृतक की पहचान परमिंदर सिंह (32) के रूप में हुई है। वहीं, थाना सदर पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ पर्चा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार, परमिंदर सिंह खेती बाड़ी का काम करता है और शादीशुदा है। उसकी एक तीन साल की बेटी भी है। रोज की तरह वो घर से खेतों के लिए निकला था। मगर घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को गांव गिल के नजदीक पैट्रोल पंप से किसी ने फोन कर सूचना दी कि एक व्यक्ति का शव पंप के बाथरूम में पड़ा है। जब पड़ताल की गई तो वह शव परमिंदर का निकला। बाथरूम के अंदर शव के पास सिरिंज भी पड़ी हुई थी। जिससे साफ जाहिर होता है, कि परमिंदर की मौत नशे की ओवर डोज से हुई है। चौकी इंचार्ज धर्मेद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार शव का पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर नशा सप्लाई करने वाले अज्ञात पर कार्रवाई की है और उसकी तलाश की जा रही है।








Leave a Reply