रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची सोने की कीमत,सोने का वायदा भाव बढ़कर 72,423 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचें ..

 रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची सोने की कीमत,सोने का वायदा भाव बढ़कर 72,423 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचें ..

मुंबई : सोने की कीमत अब तक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी को देखते हुए भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को पांच जून की डिलीवरी के लिए सोने का वायदा भाव बढ़कर 72,423 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 2,395.29 डॉलर प्रति औंस है।

एमसीएक्स पर सोने के वायदा भाव में 779 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई, जो पिछले कारोबारी सत्र के बंद भाव 71,644 रुपये से 1.09 फीसद अधिक है। देश भर के प्रमुख शहरों में खुदरा सोने की कीमतों में कुछ बदलाव आया है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग 72,380 रुपये , जबकि मुंबई में 72,230 रुपये प्रति 10 ग्राम है। चेन्नई में सबसे ज्यादा 73,370 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि बेंगलुरु और कोलकाता में यह लगभग 72,230 रुपये है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि जारी है। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच दुनिया के प्रमुख देश इस पीली धातु की बड़ेे पैमाने पर खरीदारी कर रहे हैं। इसे एक सुरक्षित निवेश माना जा रहा है।

इस साल सोने की कीमतों में लगभग 15 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को अमेरिकी सोना वायदा में इसकी कीमत 1.2 फीसद बढ़कर 2,401.80 डॉलर हो गई। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा आयातक है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों के बढ़ने का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *