राजनीति; लालू ने प्रधानमंत्री के परिवार पर कसे तंज के बाद अमित शाह, जेपी नड्डा समेत बड़े नेताओं ने नाम के साथ जोड़ दिया ‘मोदी का परिवार’

राजनीति; लालू ने प्रधानमंत्री के परिवार पर कसे तंज के बाद अमित शाह, जेपी नड्डा समेत बड़े नेताओं ने नाम के साथ जोड़ दिया ‘मोदी का परिवार’

 

नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव के ‘परिवारवाद’ वाले तंज के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य पार्टी नेताओं ने पीएम मोदी के साथ एकजुटता दिखाते हुए ट्विटर पर अपने नाम के साथ ‘मोदी का परिवार’ जोड़ दिया है। खास बात है कि यह पहल ऐसे समय पर शुरू हुई है, जब विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी के परिवार पर सवाल उठाए थे।

शाह और नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, डॉक्टर वीरेंद्र कुमार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनुराग ठाकुर, प्रवक्ता संबित पात्रा, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, गिरिराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद मनोज तिवारी, प्रेम सिंह तमांग समेत कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर नाम बदल लिए हैं।

बता दें, पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को आयोजित ‘जनविश्वास महारैली’ के दौरान परिवारवाद की राजनीति पर प्रधानमंत्री की हालिया टिप्पणियों को लेकर उन पर सीधा हमला करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा था, अगर नरेंद्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है तो हम क्या कर सकते हैं। वह राम मंदिर के बारे में डींगें हांकते रहते हैं। वह एक सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा में एक बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवानी चाहिए। मोदी ने तब ऐसा नहीं किया जब उनकी मां की मृत्यु हो गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *