रनवे से उड़ान भरने जा रहे प्लेन ट्रक से टकरा कर लगी आग, ट्रक में सवार 2 लोगों की हुई मौत…
लीमा : पेरू में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के लीमा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भर रहा लेटैम एयरलाइंस का एक विमान शुक्रवार को रनवे पर एक दमकल ट्रक से टकरा गया और उसमें आग लग गई। अधिकारियों ने कहा कि विमान में 102 यात्री और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन ट्रक में सवार 2 दमकलकर्मियों की मौत हो गई। इस खतरनाक घटना का भयावह कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, लीमा एयरपोर्ट पर लेटैम एयरलाइंस का एक यात्री विमान टेक ऑफ के लिए रनवे पर था। विमान उड़ान भरने ही वाला था कि सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है और एयरबस A320neo के सभी यात्रियों व चालक दल की देखभाल की जा रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रक से टक्कर के बाद लेटैम एयरलाइंस के विमान में आग लग जाती है। हालांकि, यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उधर, दमकल विभाग के जनरल कमांडर लुइस पोंस ने कहा है कि दो दमकलर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य घायल है। जिस समय यह हादसा हुआ, विमान और ट्रक दोनों ही तेज गति में थे।
वहीं पेरू के राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो ने दो दमकलकर्मियों की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में मृतकों के परिवारीजनों के प्रति संवेदना जाहिर की हैं। जानकारी के मुताबिक, लीमा एयरपोर्ट यह यह फ्लाइट जुलियाका शहर की ओर जाने वाली थी।









Leave a Reply