मूसेवाला हत्याकांड में 2 गैंगस्टर गिरफ्तार, कुछ दिन पहले ही जेल से आए थे बाहर
चंडीगढ़ः मशहूर पंजाबी सिंगर और कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस ने 2 गैंगस्टरों को पकड़ा है। यह दोनों पेरोल पर जेल से बाहर आए थे। इन पर मूसेवाला के कत्ल में शामिल होने का शक है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जेल में बंद दूसरे गैंगस्टर्स से पूछताछ के बाद पुलिस ने इन्हें उठाया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने अभी तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिस पर हमलावरों को गाड़ी और हथियार समेत अन्य सामान उपलब्ध करवाने का शक है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम मनप्रीत भाऊ है। वह मानसा के गांव जवाहरके के नजदीक ढैपई गांव का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि हत्याकांड के बाद मनप्रीत सिंह हिमाचल के रास्ते देहरादून पहुंचा था। मानसा कोर्ट ने उसे 5 दिन के रिमांड पर पर भेज दिया है। इसके अलावा, पुलिस मूसेवाला हत्याकांड के सिलसिले में बठिंडा और फिरोजपुर जेल से दो गैंगस्टरों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। हमले में इस्तेमाल एक कार इन्हीं में से एक गैंगस्टर की बताई जा रही है।
पुलिस जिन गैंगस्टरों को प्रोडक्शन वारंट पर लाई है, उनमें से एक मन्ना संधू तलवंडी है. गैंगस्टर से सामाजिक कार्यकर्ता बने कुलजीत नरुआना की हत्या के आरोप में जुलाई 2021 में मन्ना संधू पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े थे। जानकारी अनुसार, मनप्रीत सिंह के संबंध जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए गैंगस्टर मन्ना संधू से हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास इस्तेमाल हुए 11 हजार फोन नंबरों का डाटा निकाल लिया है। इन नंबरों की कॉल डिटेल निकालकर पड़ताल की जा रही है।








Leave a Reply