
मुश्किलों में घिरे नवजोत सिद्धू ने तोड़ी चुप्पी, ट्वीटर पर लिखा- अपने खिलाफ बातें बड़ी खामोशी से सुनता हूं, जवाब वक्त देगा
अमृतसरः कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से पार्टी से बर्खास्तगी की सिफारिश के बाद पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इसका उत्तर टि्वटर पर अपने शायराना अंदाज में दिया है। सिद्धू ने ट्विटर पर लिखा, “अपने खिलाफ बातें मैं अक्सर खामोशी से सुनता हूँ, जवाब देने का हक, मैंने वक्त को दे रखा है।”उनके इस ट्वीट में पंजाब प्रदेश ईकाई के खिलाफ बगावत दिख रही है।
नवजोत सिंह सिद्धू ने इस ट्वीट के बाद स्पष्ट कर दिया है कि वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ चलने को तैयार नहीं है। वहीं बीते कुछ दिनों से वह कुछ समर्थकों के साथ प्रदेशभर में घूम रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिल भी रहे हैं। हरीश चौधरी ने दो दिन पहले हाईकमान को लिखे खत में कहा है, ‘हमने इस बात की सिफारिश की है कि नवजोत सिद्धू से सफाई मांगी जाए। उनसे पूछा जाए कि क्यों न उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए।’
बता दें कि एक दिन पहले अमृतसर में नवजोत सिद्धू ने हरीश चौधरी की ओर से उन्हें पार्टी से बर्खास्त करने की संतुति पर पूछे गए प्रश्न पर चुप्पी साध ली थी। तब उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘गपोड़ शंख’ बताया था। सिद्धू ने कहा था कि पंजाब में रेत के दाम आसमान छू रहे हैं क्योंकि रेत खनन बंद हो गया है। अरविंद केजरीवाल ने रेत खनन से 20,000 करोड़ रुपये की रिकवरी की बात कही थी लेकिन अब लोगों को घर बनाने के लिए भी रेत नहीं मिल रहा है।








Leave a Reply