मान सरकार का “मिशन रोजगार”, 249 कर्मियों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- सरकार ने 36 हजार नौकरियां देने का आंकड़ा किया पार
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ स्थित म्यूनिसिपल भवन में आयोजित एक प्रोग्राम के दौरान मंगलवार को यहां विभिन्न विभागों के 249 नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र बांटे और उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आज स्पेशल दिन है, क्योंकि पंजाब सरकार ने 36 हजार नौकरियां देने का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आज की नियुक्तियों को मिलाकर कुल 36097 नौकरियां दी जा चुकी हैं।
उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि नियुक्ति पत्र देकर मैं कोई एहसान नहीं कर रहा हूं, बल्कि मुख्यमंत्री के तौर पर बेरोजगार लड़के-लड़कियों को नौकरी देना मेरा कर्तव्य है। सीएम मान ने कहा कि यदि युवाओं के पास रोजगार होगा तो उनका मन इधर-उधर नहीं भटकेगा और वे नशे के दलदल में नहीं फंसेंगे। ये पहली और आखिरी नौकरियां नहीं हैं, बल्कि युवाओं को आगे शिक्षा प्राप्त कर ऊंचे पदों पर पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश में यूपीएससी के आठ परीक्षा केंद्र खोल रही है, जहां फ्री शिक्षा रहेगी। इनमें आईएएस अधिकारी भी अपना अनुभव सांझा करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है और जो भी यहां कारोबार खोलेगा, उसके काम में बरकत होगी और उसे कभी घाटा नहीं पड़ेगा।
जिक्रयोग्य है कि इससे पहले सीएम मान ने 560 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए और उससे पहले पटवारियों को नियुक्ति पत्र दिए। आने वाले दिनों में भी हजारों युवाओं के नियुक्ति पत्र तैयार हैं, लेकिन हाईकोर्ट संबंधी परेशानी को दूर कर नियुक्ति पत्र दिए जाते हैं। मान ने कहा कि उन्हें कुछ वीडियो मिली हैं, जिसमें सब-इंस्पेक्टर भर्ती युवाओं के गांव जाने पर समूचे गांव वासी खुशी मनाते दिखे।








Leave a Reply