फगवाड़ा में 4 गाड़ियों को कुचलते हुए अनियंत्रित कैंटर दुकानों में घुसा:बाल, बाल बचे लोग, ड्राइवर को नींद आने से हुआ हादसा.. पढ़ें पूरी खबर
फगवाडाः महानगर के अंतर्गत आते जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार कैंटर ने चार गाड़ियों को टक्कर मारते हुए हाईवे किनारे दुकानों में जा घुसा। हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ परन्तु कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं इस हादसे में चार गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और दुकानों का भी भारी नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने चालक को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा में पहुंचाया। वहां पर उसे भर्ती किया गया है। लोगों का कहना था कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई बल्कि मामूली चोटें आई हैं। वहीं कैंटर चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ..
जानकारी के अनुसार कैंटर गाड़ी जब हाईवे से छिटक कर दुकानों में घुसी और वहां पर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी तो गाड़ी का चालक वहीं पर सो गया। लोगों ने सोचा कि शायद उसे कोई चोट लगी है या फिर वह बीच में फंस गया है, लेकिन गाड़ी में ही सवार दूसरे व्यक्ति ने उसे उठाया तो वह सीट पर बैठ गया। हालांकि पुलिस वालों का कहना था कि चालक ने नशा नहीं कर रखा था। नींद का झोंका आने से हादसा हुआ है, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि चालक ने कोई नशा कर रखा था।
इस हादसे में लोगों की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है उनका कहना है कि वह तो खरीदारी करने के लिए आए थे, लेकिन अपना नुकसान करवा बैठे। उनका कहना था कि जो उनकी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है उसरी भरपाई अब कौन करेगा। एक कार जो कि लगभग टोटल लॉस ही हो चुकी है के मालिक ने कहा कि नई गाड़ी का नुकसान हो गया है। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।








Leave a Reply