पहाड़ी चट्टानों के बीच 2 दिन से फंसा हुआ था युवक, भारतीय सेना ने सुरक्षित बचाया

पहाड़ी चट्टानों के बीच 2 दिन से फंसा हुआ था युवक, भारतीय सेना ने सुरक्षित बचाया

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक ने अपने दो साथियों के साथ चेराड पहाड़ी की चढ़ाई करने की योजना बनाई, लेकिन उसके दोनों साथी आधे रास्ते से ही वापस आ गए. लेकिन वह आगे बढ़ता रहा जिससे उसका पैर फिसल गया और वह चट्टानों के बीच फंस गया.

 

Kerala: पहाड़ी चट्टानों के बीच 2 दिन से फंसा हुआ था युवक, भारतीय सेना ने सुरक्षित बचाया
दो दिन से केरल में पहाड़ी चट्टानों में फंसा हुआ था युवक (ANI)

भारतीय सेना (Indian Army) के साहसिक और बचाव से जुड़े अभियानों में एक और कड़ी उस समय जुड़ गई जब सेना के बचाव दलों ने बेहतर योजना और रणनीति के साथ एक युवक को बचाने का अभियान (rescue operation) चलाया और सुरक्षित निकालने का कारनामा कर दिखाया. केरल (Kerala) के पलक्कड़ (Palakkad) जिले के मलमपुझा में एक पहाड़ी पर चट्टानों के बीच करीब दो दिन से फंसे युवक को सेना के बचाव दलों ने बचा लिया है.

सेना के जवानों ने ऑपरेशन शुरू करने से पहले बाबू नामक युवक को पहाड़ी से सुरक्षित निकालने से पूर्व भोजन और पानी मुहैया कराया. टेलीविजन चैनल पर प्रसारित तस्वीरों में दिख रहा है कि सेना के जवान युवक की पहाड़ी से उतरने में मदद कर रहे हैं. सेना के इन विशेष दलों को इस तरह के बचाव कार्यों में विशेषज्ञता प्राप्त है और वे मंगलवार रात को बेंगलुरु से यहां पहुंचे थे.

पहाड़ी पर चट्टानों के बीच फंसा था बाबू

तस्वीरों में दिख रहा है कि युवक को एक बचाव कर्मी ने खुद से बांध रखा था और उसे आराम देने के लिए बीच-बीच में रुक कर बचाव दल धीरे-धीरे उतर रहा था.

युवक को बुधवार सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाला और इसके साथ ही वृहद स्तर पर चले बचाव अभियान का समापन हुआ. यह राज्य में अपने तरह का पहला बचाव अभियान था, जिसमें स्थानीय निकाय, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, तटरक्षक शामिल थे और वायुसेना को तैयार रखा गया था. उल्लेखनीय है कि बाबू सोमवार से ही पहाड़ी पर चट्टानों के बीच फंसा था.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *