पटियाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिख फॉर जस्टिस के 3 सदस्य गिरफ्तार, कर रहे थे प्रचार
पटियालाः पंजाब में अगले साल हो रहे विधानसभा चुनाव से पहले शांति भंग करने की बड़ी साजिश को पटियाला पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार को आतंकी संगठन सिख्स फार जस्टिस के लिए प्रचार कर रहे 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पटियाला पुलिस के एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर को अलग-अलग धार्मिक स्थानों पर और अन्य जनतक स्थानों पर यह लोग खालिस्तान बनाने को लेकर रेफरेंडम करवाने संबंधी वोटिंग के लिए उकसा कर वोटिंग रजिस्ट्रेशन फॉर्म बांट रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से भारी मात्रा में देशविरोधी सामग्री भी बरामद की गई है।
एसएसपी ने बताया कि बनूड़ में बन्नो माई मंदिर मेन रोड के निकट मौजूद पुलिस पार्टी को सूचना मिली कि जगमीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गांव दरगापुर, जिला गुरदासपुर हाला आबाद हाउसिंग सोसायटी बनूड़ और रविंद्र सिंह पुत्र निर्भय सिंह निवासी गांव जसड़ा थाना मंडी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब खालिस्तान के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इसके साथ ही यह सब विभिन्न धार्मिक स्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को खालिस्तान बनाने के लिए रेफरेंडम करवाने के वास्ते वोटिंग के लिए उकसाकर वोटिंग के रजिस्ट्रेशन फार्म बांट रहे हैं। यह पोस्टर और अन्य प्रिंटिंग सामग्री जगमीत की माता जसवीर कौर मुहैया करवा रही है।
आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि गिरोह की सरगना जसवीर कौर का पति कुलदीप सिंह पंजाब रोडवेज चंडीगढ़ में अधीक्षक के रूप में काम करता है। आरोपी रविंदर सिंह भी गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहा था। विचारों के आदान-प्रदान के कारण रविंदर सिंह व जगमीत सिंह दोस्त बन गए और दोनों इस अवैध गतिविधि में सक्रिय हो गए। आरोपी जसवीर कौर की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी आतंकवाद से जुड़ी हुई है।








Leave a Reply