पटाखे से निकली चिंगारी स्टोर में रखे पटाखों में गिरने से हुआ बड़ा धमाका…
केरल के कासरगोड मंदिर हादसे में 150 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 8 की हालत बेहद गंभीर है. आतिशबाजी स्टोरेज में आग लगने से यह हादसा हुआ है. लेकिन कैसे और किस लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ चश्मदीदों ने बताया. मामले में पुलिस ने मंदिर अध्यक्ष और सचिव समेत 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
केरल का कासरगोड जिला… सोमवार को यहां नीलेश्वरम स्थित अंजुताम्बलम वीरारकावु मंदिर में वार्षिक कलियाट्टम उत्सव (Kaliyattam Festival) मनाया जा रहा था. 1500 से ज्यादा लोग यहां एकत्रित हुए. इसे केरल टेंपल फेस्टिवल (Kerala Temple Festival) भी कहते हैं. शाम को यहां आतिशबाजी शुरू हुई. मंदिर परिसर के एक स्टोर पर खूब सारे पटाखे रखे हुए थे, ताकि उन्हें बाद में फोड़ा जाए. वहीं, कुछ लोग उसी स्टोर के पास आतिशबाजी भी कर रहे थे. तभी आतिशबाजी के दौरान निकली एक चिंगारी स्टोर के अंदर रखे पटाखों पर जा गिरी. इससे बाकी के पटाखे फटने लगे.
वक्त था रात के 12:30 बजे का. पटाखे (Firecracker) एक बाद एक फटने लगे तो स्टोर पर आग (Fire In Store) लग गई. स्टोर के बाहर कई लोग मौजूद थे. उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. इस दौरान वहां लोग जान बचाने के लिए भागने लगे. लेकिन 150 से ज्यादा लोग आगजनी की इस घटना में घायल हो गए. आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाने लगा. फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. चिंताजनक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर और जिला पुलिस प्रमुख सहित जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंचे. हादसे में घायल 8 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. सभी घायलों को कासरगोड, कन्नूर और मंगलुरु के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है.








Leave a Reply